(हल्द्वानी)तराई-भाबर की धरती फरवरी में बीस साल में पहली बार इतनी तपी

  • 05-Feb-25 12:00 AM

हल्द्वानी,05 फरवरी (आरएनएस)। फरवरी का पहला हफ्ता बीस साल में सबर्स गर्म रिकॉर्ड किया गया है। तराई-भाबर में बढ़ती तपिश के कारण फरवरी से ही गर्मी रुलाने लगी है। मंगलवार को हल्द्वानी का तापमान 27.6 डिग्री दर्ज किया गया जो बीस साल के भीतर फरवरी के पहले हफ्ते में सर्वाधिक है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि इस बार गर्मी बहुत सारे रिकॉर्ड तोड़ सकी है।हल्द्वानी में मंगलवार को मौसम का मिजाज तकरीबन 15 दिनों बाद बदला सा नजर आया। लेकिन यहां अधिकतम तापमान ने नया कीर्तिमान खड़ा कर दिया। फरवरी के पहले सप्ताह में 27.6 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया जो कि बीते 20 सालों में सबसे ज्यादा और एक नया रिकॉर्ड है। जबकि इतना अधिक तापमान फरवरी के तीसरे या अंतिम सप्ताह में आज से पहले दर्ज किया गया था। तापमान एकाएक बढऩे का कारण पश्चिमी विक्षोभ का कमजोर होना रहा। जो कि बारिश या ठंडी हवाओं का मौसम बनाने में विफल रहा। पंतनगर विवि के मौसम विशेषज्ञ डॉ.आरके सिंह ने बताया कि दो पश्चिमी विक्षोभ अब तक आए और दोनों ही कमजोर साबित हुए। जिस कारण न तो बारिश का मौसम बन पाया न ही उम्मीद के मुताबिक ठंड हो पाई। उन्होंने कहा कि फरवरी में ही यह हाल है तो आने वाले महीनों में गर्मी कितना सताएगी, इसका अंदाजा वर्तमान स्थिति से लगाया जा सकता है।फरवरी अंतिम के दिनों में होती थी ऐसी गर्मीमौसम विभाग के आंकड़ों पर नजर डालें तो फरवरी के पहले हफ्ते में हो रही गर्मी अमूमन अंतिम दिनों में हुआ करती है। लेकिन जलवायु परिवर्तन का असर दिख रहा है। 2015 में 23 फरवरी को अधिकतम तापमान 28.5 डिग्री, 2016 में 19 फरवरी को 29.1, 2017 में 20 फरवरी को 29.3, 2018 में 23 और 25 फरवरी को 29.4, 2019 में 22 फरवरी को 27.6, 2020 में 23-24 फरवरी को 26.6, 2021 में 27 फरवरी को 31.9, 2022 में 25 फरवरी को 26.2, 2023 में 28 फरवरी को 29.7, 2024 में 21 फरवरी को 27.6 और अब 2025 फरवरी के पहले सप्ताह में ही 27.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है।




Related Articles

Comments
  • No Comments...

Leave a Comment