(हल्द्वानी)सिंचाई के लिए परेशान ग्रामीणों ने हल्द्वानी पहुंच किया प्रदर्शन
- 01-Jul-25 12:00 AM
- 0
- 0
हल्द्वानी,01 जुलाई (आरएनएस)। मानसून में भी किसानों को सिंचाई का संकट झेलना पड़ रहा है। सिंचाई के लिए बनी बरसाती नहर को ठीक नहीं किए जाने पर मंगलवार को गौलापार के ग्रामीणों ने हल्द्वानी पहुंच उपजिलाधिकारी कार्यालय में प्रदर्शन किया। बताया कि खेतों तक पानी नहीं पहुंचने से धान की रोपाई नहीं होने के साथ ही तैयार पौध खराब हो रही है। जल्द समस्या का समाधान नहीं किए जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई। गर्मी के मौसम में गौला नदी का जलस्तर कम होने से किसानों को सिंचाई के लिए पानी मिलना मुश्किल बना रहा। अब मानसून शुरू होने के बाद किसान जरूरत के अनुसार पानी मिलने की उम्मीद कर रहे थे। वहीं अब विभागीय कार्यप्रणाली से बारिश होने के बाद भी किसान सिंचाई के लिए दिक्कतों का सामना कर रहे हैं। मंगलवार को गौलापार के किसानों ने हल्द्वानी में मौजूद एसडीएम कार्यालय में विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सिंचाई के लिए एक ही नहर मौजूद है। जिससे किसानों को धान की खेती के लिए जरूरी पानी नहीं मिल रहा है। पूर्व में सिंचाई विभाग बेरीधार बरसाती नहर बनाकर पानी उपलब्ध करता था। लेकिन इस वर्ष धान की पौध तैयार होने के बाद भी विभाग ने बरसाती नहर का ठीक नहीं किया है। जिससे किसानों को रोपाई के लिए पानी मिलना मुश्किल हो गया है। एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर सिंचाई विभाग को निर्देश देने का अनुरोध किया गया। यह भी कहा कि जल्द पानी नहीं मिलने पर क्षेत्र के किसान आंदोलन को बाध्य होंगे। इस दौरान पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य अर्जुन बिष्ट, निवर्तमान ग्राम प्रधान लीला बिष्ट, महेश बिष्ट, कला देवी, राहुल बिष्ट, चेतन बिष्ट, कमला देवी, खष्टी देवी, महेंद्र सिंह, विमला देवी, भगवती देवी, ममता, अक्षय, उमा जोशी, रितेश, मनीष मौजूद रहे।
Related Articles
Comments
- No Comments...