आंकड़ों का कमाल: ग्रैंड स्लैम फाइनल में कार्लोस अल्कराज को अब तक नहीं मिली हार

  • 19-Jun-25 08:40 AM

नईदिल्ली,19 जून। स्पेन के स्टार टेनिस खिलाड़ी कार्लोस अल्कराज ग्रैंड स्लैम में लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। हाल ही में उन्होंने फ्रेंच ओपन का खिताब अपने नाम किया है। फाइनल में उन्होंने जेनिक सिनर को कड़े मुकाबले में हराया था।
अल्कराज ने 4-6, 6-7, 6-4, 7-6, 7-6 से जीत दर्ज की थी। अल्कराज अब ओपन एरा में सबसे ज्यादा मेंस सिंगल्स ग्रैंड स्लैम फाइनल खेलने वाले खिलाड़ी हैं, जिन्होंने एक भी फाइनल नहीं हारा है।
उनका रिकॉर्ड 5-0 का है।
फ्रेंच ओपन 2025 जीतकर अल्कराज ओपन एरा में ऐसे दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने अपने करियर के पहले पांचों ग्रैंड स्लैम फाइनल जीते हैं।
उन्होंने रोजर फेडरर के रिकॉर्ड की बराबरी की, जिन्होंने अपने शुरुआती 7 ग्रैंड स्लैम फाइनल जीते थे।
अल्कराज ने यूएस ओपन टेनिस 2022, विंबलडन 2023-2024 और फ्रेंच ओपन 2024-2025 के खिताब अपने नाम किए हैं।
उनका ग्रैंड स्लैम रिकॉर्ड अब 71 जीत और 12 हार का हो गया है।
21 साल और 70 दिन की उम्र में अल्कराज ओपन एरा में सबसे कम उम्र के पुरुष खिलाड़ी बने थे, जिन्होंने एक ही सत्र (2024) में फ्रेंच ओपन और विंबलडन जीते। इसे चैनल स्लैम कहा जाता है। वह इस साल यह उपलब्धि दोहरा सकते हैं।
अल्कराज ने 2022 में कैस्पर रूड को 4 सेटों में हराकर यूएस ओपन टेनिस का खिताब जीता था।
2023 में उन्होंने नोवाक जोकोविच को 5 सेटों में हराकर विंबलडन जीतकर इतिहास रच दिया था।
इसके बाद इस युवा सनसनी ने साल 2024 में एलेक्जेंडर ज्वेरेव को 5 सेटों में हराकर पहला फ्रेंच ओपन खिताब जीता था।
उसी साल उन्होंने जोकोविच को फिर हराकर 2024 विंबलडन खिताब भी अपने नाम किया था।
रिपोर्ट के अनुसार, अल्कराज 21वीं सदी में सिर्फ चौथे खिलाड़ी बने हैं, जिन्होंने लगातार 4 साल तक पुरुष सिंगल्स में कोई न कोई ग्रैंड स्लैम खिताब अपने नाम किया है। उनसे पहले यह कारनामा सिर्फ फेडरर, राफेल नडाल और जोकोविच ने किया था।
2025 फ्रेंच ओपन फाइनल में अल्कराज ने 3 मैच प्वाइंट बचाकर खिताब जीता। ऐसा कर ग्रैंड स्लैम जीतने वाले वह तीसरे पुरुष खिलाड़ी बने जिन्होंने मैच प्वाइंट बचाए।
2023 विंबलडन फाइनल में उन्होंने जोकोविच को हराया, जो 2017 के बाद से ग्रास कोर्ट पर अजेय थे।
अल्कराज 3 अलग-अलग सतहों पर ग्रैंड स्लैम जीतने वाले सबसे युवा पुरुष खिलाड़ी भी हैं।
००




Related Articles

Comments
  • No Comments...

Leave a Comment