उत्तर भारत में भीषण गर्मी बनी जानलेवा, राजस्थान में पारा 49 डिग्री के पार

  • 14-Jun-25 07:40 AM

नई दिल्ली, 14 जून (आरएनएस)। उत्तर और मध्य भारत में जारी गर्मी का कहर अब जानलेवा बन गया है। कई इलाकों में तापमान 44 डिग्री को पार चला गया है।
राजस्थान के श्रीगंगानगर में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 49.4 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 8 डिग्री अधिक है।
इस बीच भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने राहत की खबर देते हुए शनिवार (14 जून) से कई इलाकों में मौसम बदलने की संभावना जताई है। इस दौरान बादलों की आवाजाही के साथ अंधड़-बारिश के संकेत हैं।
उत्तर प्रदेश में गर्मी कहर भयावह हो गया है। कई जगह तापमान 44 डिग्री को पार गया है। कुछ रिपोर्ट में दावा किया है कि लू के कारण 17 लोगों की मौत हो गई।
इसके साथ ही प्रदेश के 11 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। यहां 15 जून के बाद माैसम बदल सकता हैं।
दूसरी तरफ पंजाब में गर्मी से 2 लोगों की मौत हो गई, लेकिन शुक्रवार को तेज हवाओं के साथ बारिश से राहत मिली।
राजस्थान में गर्मी रोज नए रिकॉर्ड बना रही है। पश्चिमी जिले श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 49.4 डिग्री तक पहुंच गया, जो इस सीजन का सबसे अधिक तापमान है।
पंखे, कूलर ही नहीं एसी तक गर्मी से राहत देने में नाकाम साबित हो रहे हैं।
जैसलमेर में शनिवार सुबह हुई हल्की बारिश के साथ कई जिलों में बादल छाने और बौछारे पड़ने से राहत मिलने की उम्मीद है। इसके बावजूद कुछ जगह लू की स्थिति बनी रहने की संभावना है।
समूचे दिल्ली एनसीआर इलाके में भीषण गर्मी का कहर जारी है। अधिकतम तापमान भले ही 45 डिग्री हो, लेकिन लोगों को गर्मी 50 डिग्री से ज्यादा की महसूस हो रही है।
मौसम विभाग ने आईएमडी शनिवार को राजधानी में बारिश और तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है।
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले कुछ दिनों में तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है। साथ ही कुछ इलाकों में तेज हवाएं और तूफान जैसी स्थिति बन सकती है।
महाराष्ट्र में मानसून की दस्तक के बाद अचानक से थमा बारिश का दौर फिर शुरू हो गया है। पिछले 2 दिनों से राज्य के कई हिस्सों में जोरदार बारिश हो रही है।
इसके चलते कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया है, जिससे लोगों को भारी परेशानी हुई।
आईएमडी ने अगले 24 घंटों में 6 जिलों- कोल्हापुर, पुणे, रायगढ़, सांगली, सतारा और ठाणे में कुछ स्थानों पर मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया है।
मानसून की दस्तक के बाद से ही पूर्वोत्तर और दक्षिण राज्यों में रुक-रुक कर बारिश का दौर चल रहा है।
स्काईमेट ने अगले 24 घंटों में कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, अंडमान निकोबार, लक्ष्यद्वीप, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में गरज के साथ बरसात की संभावना जताई है।
इसके अलावा, ओडिशा, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय और पश्चिम बंगाल में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्यों में बादल छाने के साथ बारिश के आसार हैं।
0000




Related Articles

Comments
  • No Comments...

Leave a Comment