
एनएचएम का 450 करोड़ रोकना निंदनीय, केंद्र और आप सरकार की लड़ाई में आम लोगों को पीसना गलत : परगट सिंह
- 08-Oct-25 07:51 AM
- 0
- 0
चंडीगढ़ 08 Oct, (Rns)- अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव और विधायक पद्मश्री परगट सिंह ने केंद्र सरकार की तरफ से पंजाब सरकार का 450 करोड़ रुपए के स्वास्थ्य फंड्स को रोकने की निंदा की। उन्होंने कहा कि केंद्र में भाजपा और पंजाब में आम आदमी पार्टी के बीच चल रही ब्रांडिंग की लड़ाई में आम लोगों को पीसा जा रहा है, जोकि सरासर गलत है। कांग्रेस पार्टी दोनों सरकारों की इस लड़ाई में पंजाब को राजनीतिक अखाड़ा नहीं बनने देगी।
परगट सिंह ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय से राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) की बकाया राशि तुरंत जारी करने की अपील करने के साथ-साथ आप सरकार से भी विज्ञापन की राजनीति छोड़कर ज़िम्मेदार शासन अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि इस फंड का फायदा आम लोगों को मिलना है, उन्हें इससे वंचित न किया जाए।
उन्होंने कहा कि मान सरकार ने 2023 में आयुष्मान भारत केंद्रों का नाम बदलकर ‘आम आदमी क्लीनिक’ करने के फैसले को गलत ठहराया। परगट सिंह ने कहा कि यह कदम राष्ट्रीय दिशानिर्देशों का उल्लंघन था, जिसके कारण पंजाब को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। पंजाब सरकार ने लोगों के स्वास्थ्य की बजाय अपनी राजनीतिक ब्रांडिंग को प्राथमिकता दी।
परगट सिंह ने कहा कि ऐसा कर केंद्र सरकार ने पंजाब सरकार से बदले की राजनीति की है। केंद्र ने पंजाब के गरीब और जरूरतमंद लोगों के बारे में नहीं सोचा, यह फैसला लोगों को सजा देने वाला है। उन्होंने आम आदमी पार्टी पर निशान साधते हुए कहा कि पंजाब में सेहत क्रांति भी उनकी बाकी स्कीमों की तरह ही फेल साबित हुई है।
पंजाब सरकार लगातार कर्ज लेकर राज्य को पहले ही वित्तीय इमरजेंसी की तरफ धकेल चुकी है। अब लोगों को 10 लाख रुपए का फ्री इलाज देने की घोषणा कर चुकी है और उनके पास पहले ही खजाने खाली पड़े हैं। अब सरकारी जमीनों को बेचकर और नीलाम करके पैसे जुटाया जा रहा है।
Related Articles
Comments
- No Comments...