
एशिया कप 2025: अभिषेक शर्मा ने पाकिस्तान के खिलाफ लगाया अर्धशतक, बनाए ये रिकॉर्ड्स
- 22-Sep-25 09:18 AM
- 0
- 0
नईदिल्ली,22 सितंबर। भारतीय क्रिकेट टीम के युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने एशिया कप 2025 के सुपर-4 मुकाबले में पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ जोरदार अर्धशतकीय पारी (74) खेली। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का कुल तीसरा और पाकिस्तान के खिलाफ पहला अर्धशतक साबित हुआ। इस बीच उन्होंने शुभमन गिल (47) के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी भी की। आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
अभिषेक ने शाहीन अफरीदी की पहली ही गेंद पर छक्का लगाते हुए अपने इरादे जाहिर किए। उन्होंने पावरप्ले ओवरों का भरपूर फायदा उठाया और सिर्फ 24 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। यह मौजूदा टूर्नामेंट में उनका पहला अर्धशतक रहा। वह 39 गेंदों में 74 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में उन्होंने 6 चौके और 5 छक्के लगाए। अपनी इस पारी के दौरान अभिषेक ने अपने 50 छक्के भी पूरे किए।
अभिषेक ने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में 50 छक्के पूरे करने के लिए 331 गेंदों का सहारा लिया। उन्होंने वेस्टइंडीज के एविन लुईस का पिछला रिकॉर्ड तोड़ा। बता दें कि लुईस ने 336 गेंदों में अपने 50 छक्के पूरे किए थे। आंद्रे रसेल ने 409 गेंदों में अपने 50 छक्के पूरे किए थे। भारतीय बल्लेबाजों की बात करें तो सूर्यकुमार यादव ने 510 गेंदों में अपने 50 छक्के पूरे किए थे।
अभिषेक ने गिल के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 105 रन की साझेदारी की। यह भारत की ओर से किसी भी सलामी जोड़ी की पाकिस्तान के विरुद्ध टी-20 में पहली शतकीय साझेदारी साबित हुई। इससे पहले पाकिस्तान के विरुद्ध पहले विकेट की सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड गौतम गंभीर और अजिंक्य रहाणे के नाम दर्ज था। इस जोड़ी ने 2012 में बेंगलुरु में खेलते हुए 77 रन जोड़े थे।
अफरीदी के खिलाफ छक्के से पहले, अभिषेक ने 10 सितंबर को दुबई में यूएई क्रिकेट टीम के खिलाफ एशिया कप ग्रुप-ए मुकाबले में भारत की पारी की पहली गेंद पर भी छक्का लगाया था। क्रिकबज के अनुसार, अभिषेक टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 2 बार यह उपलब्धि हासिल करने वाले एकमात्र भारतीय बल्लेबाज हैं। रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल और संजू सैमसन एक-एक बार ऐसा करने वाले अन्य भारतीय बल्लेबाज हैं।
फखर जमान (15) का विकेट जल्दी गिरने के बाद साहिबजादा फरहान और सैम अयूब (21) ने साझेदारी करते हुए पारी को संभाला। इसके बाद फरहान ने अर्धशतक (58) लगाया। उनके अलावा मोहम्मद नवाज ने 19 गेंदों में 21 और फहीम अशरफ ने 8 गेंदों में 20* रन बनाते हुए टीम को 171/5 के स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में गिल (47) और अभिषेक ने शतकीय साझेदारी करते हुए उम्दा शुरुआत दिलाई। इसके बाद तिलक वर्मा (30*) ने टीम को जीत दिलाई।
००
Related Articles
Comments
- No Comments...