
कुश्ती: चिराग चिक्कारा ने अंडर-23 विश्व चैंपियनशिप में जीता स्वर्ण पदक
- 28-Oct-24 08:59 AM
- 0
- 0
नईदिल्ली, 28 अक्टूबर। बीते रविवार (27 अक्टूबर) को भारत के पहलवान चिराग चिक्कारा ने अल्बानिया के तिराना में स्वर्ण पदक जीतने का कारनामा किया।उन्होंने अंडर-23 विश्व चैंपियनशिप कुश्ती में पुरुषों के 57 किग्रा वर्ग के फाइनल मुकाबले में किर्गिस्तान के अब्दिमलिक कराचोव को नजदीकी मुकाबले में 4-3 से हराया।इसके साथ ही 18 वर्षीय चिक्कारा अंडर-23 विश्व चैंपियन बनने वाले सिर्फ दूसरे भारतीय पुरुष पहलवान बन गए हैं।
चिक्कारा अंडर-23 विश्व चैंपियन बनने वाले पहलवानों की विशेष सूची में शामिल हो गए।उनसे पहले पुरुषों में अमन सहरावत यह कारनामा कर चुके हैं। बता दें कि अमन ने 2022 में तुर्की के अहमत दुमन को 12-4 से हराते हुए इतिहास रचा था।पेरिस ओलंपिक 2024 में कांस्य पदक विजेता अमन के बाद महिलाओं में रीतिका हूडा ने 2023 में अंडर-23 विश्व चैंपियन बनी थी। वह महिलाओं में यह खिताब हासिल करने वाली पहली पहलवान है।
चिराग ने इससे पहले सेमीफाइनल में कजाकिस्तान के एलन ओरलबेक को हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई थी। सेमीफाइनल में उन्होंने विपक्षी पहलवान को कोई मौका नहीं दिया और 8-0 से जोरदार जीत दर्ज की थी।उन्होंने पहले दौर में जापान के गटुको ओजावा को 6-1 से हराया था और फिर क्वार्टर फाइनल में इयुनस इवबातिरोव को 12-2 से शिकस्त दी थी।इस भारवर्ग का कांस्य पदक इवबातिरोव ने जीता।
हरियाणा में अंडर-16 राष्ट्रीय चैंपियनशिप के दौरान चिक्कारा की घुटने में चोट लग गई थी। ऐसे में चोट के बाद उन्होंने जोरदार वापसी है। बता दें कि वह चोट के चलते 3 साल तक कुश्ती से दूर रहे थे।अब उन्होंने अंडर-23 चैंपियनशिप में पदक जीतकर यादगार वापसी की है।बता दें कि चिक्कारा और अमन के अलावा, टोक्यो ओलंपिक पदक विजेता रवि दहिया ने भी 2018 के अंडर-23 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में रजत पदक जीता था।
भारत के सुजीत कलकल ने पुरुषों की 70 किग्रा श्रेणी में कांस्य पदक जीतकर भारत की पदक तालिका में इजाफा किया। उन्होंने ताजिकिस्तान के मुस्तफो अखमेदोव को 13-4 से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया।
००
Related Articles
Comments
- No Comments...