घंटों अवरुद्ध रहे गंगोत्री-यमुनोत्री हाईवे

  • 29-Jun-25 02:34 AM

उत्तरकाशी ,29 जून (आरएनएस)।  बरसात का सिलसिला शुरू होते ही गंगोत्री और यमुनोत्री हाईवे पर जगह-जगह भूस्खलन जोन सक्रिय हो गए हैं। इसके चलते मार्ग लगातार आवागमन के लिए बंद हो रहे हैं। शनिवार रात को हुई भारी बारिश के चलते गंगोत्री और यमुनोत्री हाईवे कई स्थानों पर यातायात के लिए घंटों बाधित रहे, जिसके चलते यात्री खासे परेशान रहे। दोपहर 12 बजे मार्ग बहाल कर दिया गया। हालांकि, बारिश के बीच जिला प्रशासन ने एक दिन के लिए दोनों धाम की यात्रा रोकी है। शनिवार रात को जिले में जगह-जगह भारी बारिश हुई। भारी बारिश के कारण गंगोत्री हाईवे रात में ही नेताला, मनेरी, लालढांग, नलूणा, बिशनपुर आदि स्थानों पर मलबा व पत्थर गिरने से आवाजाही के लिए बाधित हो गए थे।
रविवार सुबह पांच बजे बीआरओ की मशीनरी मौके पर पहुंची और मार्ग को खोलने में जुट गई थी। उक्त स्थानों पर 12 घंटे से अधिक समय तक राजमार्ग बाधित रहने के बाद आवाजाही के लिए खुल सका। इसी तरह यमुनोत्री हाईवे पर पालीगाड़, कुथनौर, झाझरगाड़ के समीप रात में हुई बारिश के कारण बाधित हो गया था। रविवार को दोपहर 12 बजे तक इन स्थानों पर मार्ग को बहाल किया गया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शार्दुल गुसांई ने बताया कि दोनों हाईवे यातायात के लिए सुचारू हैं।  
00
 




Related Articles

Comments
  • No Comments...

Leave a Comment