
टेस्ट क्रिकेट: 21वीं सदी में सबसे कम पारियों में 10 शतक लगाने वाले बल्लेबाज
- 04-Aug-25 09:03 AM
- 0
- 0
नईदिल्ली,04 अगस्त। इंग्लैंड क्रिकेट टीम के बल्लेबाज हैरी ब्रूक ने भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ ओवल टेस्ट की दूसरी पारी में शतक लगाया। एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी 2025 में यह उनका दूसरा शतक रहा। इसके साथ-साथ यह उनके टेस्ट करियर का कुल 10वां शतक रहा। उन्होंने अपने टेस्ट करियर में अब तक प्रभावित किया है। इस बीच 21वीं सदी में सबसे कम पारियों में 10 शतक लगाने वाले बल्लेबाजों के बारे में जानते हैं।
हैरी ब्रूक ने अपने 10 टेस्ट शतक पूरे करने के लिए 50 पारियों का सहारा लिया। ब्रूक ने अपना पहला टेस्ट मैच दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के खिलाफ साल 2022 में खेला था। उन्होंने 30 टेस्ट खेले हैं और इसकी 50 पारियों में लगभग 60 की औसत से 2,800 से ज्यादा रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 10 शतक के अलावा 13 अर्धशतक भी निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 317 रन है।
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के शीर्षक्रम के बल्लेबाज मार्नस लाबुशेन ने 51 पारियों में अपने टेस्ट करियर का 10वां शतक लगाया था। उन्होंने वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के विरुद्ध दिसंबर 2022 में एडिलेड टेस्ट में यह शतकीय पारी खेली थी। अपने अब तक के टेस्ट करियर में उन्होंने 58 मैच खेले थे, जिसमें 46.19 की औसत के साथ 4,435 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 215 रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 11 शतक और 23 अर्धशतक लगाए हैं।
इंग्लैंड क्रिकेट टीम के पूर्व बल्लेबाज केविन पीटरसन ने 56 पारियों में अपने 10 टेस्ट शतक पूरे किए थे। वह अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए पहचाने जाते थे। पीटरसन ने इंग्लैंड की ओर से 104 टेस्ट खेले, जिसमें 47.28 की औसत के साथ 8,181 रन बनाए थे। इस बीच उनके बल्ले से 23 शतक और 35 अर्धशतक निकले थे। उन्होंने एशेज 2014 के दौरान अपना आखिरी टेस्ट खेला था।
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान एंड्र्यू स्ट्रॉस और पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने भी अपने 10 टेस्ट शतक पूरे करने के लिए 56-56 पारियों का सहारा लिया था। स्ट्रॉस ने अपने टेस्ट करियर का अंत 40.91 की औसत के साथ 7,037 रन के साथ किया था, जिसमें 21 शतक शामिल थे। सहवाग ने अपने बेमिसाल करियर में 104 टेस्ट खेले थे, जिसमें 49.34 की औसत के साथ 8,586 रन बनाए थे।
००
Related Articles
Comments
- No Comments...