
दौसा में भूमि विवाद : गोलीबारी में देवरानी की मौत, जेठानी गंभीर
- 25-Sep-25 11:52 AM
- 0
- 0
दौसा ,25 सितंबर (आरएनएस)। बसवा थाना क्षेत्र के बागडिय़ों का बास में भूमि विवाद में गोली लगने से देवरानी की मौत हो गई, जबकि जेठानी की हालत गंभीर है। इस दौरान लाठी-भाटा जंग में दोनों पक्षों के करीब 9 लोग घायल हो गए। घटना के बाद महिला का शव बसवा थाने के सामने अलवर-सिकंदरा स्टेट हाईवे पर रखकर लोग धरने पर बैठ गए और सड़क को जाम कर दिया। जाम के दौरान रोड पर में वाहनों की कतार लग गई। आक्रोशित लोगों ने रोडवेज बस में तोडफ़ोड़ का प्रयास किया।
सूचना मिलने पर बांदीकुई एसडीएम राम सिंह राजावत, बसवा एसडीएम रविकांत सिंह, बसवा तहसीलदार अनु शर्मा, बांदीकुई डीएसपी रोहिताश, दौसा डिप्टी एसपी रवि शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों से समझाइश की।
वारदात बसवा की बागडिय़ों के बास में हुई। कैलाशी देवी (52) पत्नी गोपाल गुरुवार सुबह 7.30 बजे खेत पर गई थी। इस दौरान जमीन के विवाद को लेकर कहासुनी हुई। पीडि़त पक्ष का कहना है कि राजेंद्र (37) पुत्र पप्पूराम ने फायरिंग कर दी। सीने में गोली लगने से कैलाशी देवी की मौके पर ही मौत हो गई। कैलाशी की जेठानी बदाम देवी (53) के सिर में गोली लगी। उन्हें गंभीर हालत में दौसा जिला अस्पताल में रेफर किया गया है।
कुल्हाड़ी व लाठी-भाटा जंग में कैलाशी के पति गोपाल (53), रामदयाल, कुलदीप, शंकर, बिदाम देवी, शांति देवी, कोमल देवी, खुशी और मांगीलाल घायल हो गए। घायलों को बसवा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। पप्पूराम पक्ष के सभी लोग घटना के बाद फरार हो गए।
पीडि़त गोपाल ने बताया कि रिश्ते में भाई पप्पूराम और उनका खेत घर के पास ही है। पप्पूराम पक्ष के लोग उनके खेत पर खुद का दावा करते हुए आए दिन झगड़ा करते हैं। बुधवार रात को पप्पूराम पक्ष के लोगों ने खेत की सीमा पर लगे खंभे और तारबंदी को उखाड़ दिया था।
गुरुवार सुबह तारबंदी वापस करने लगे तो झगड़ा किया। लाठी-भाटा और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस दौरान पप्पूराम के बेटे राजेंद्र ने पिस्टल से फायरिंग कर दी। गोली कैलाशी के सीने में लगी, जिससे उनकी मौके पर मौत हो गई।
00
Related Articles
Comments
- No Comments...