
पाकिस्तान कर रहा ध्यान भटकाने की कोशिश…वजीरिस्तान हमले में नाम घसीटने पर भड़का भारत, विदेश मंत्रालय ने खारिज किए आरोप
- 29-Jun-25 07:32 AM
- 0
- 0
नई दिल्ली 29 June (Rns): भारत ने पाकिस्तान द्वारा लगाए गए उन आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया, जिनमें उसने 28 जून को वज़ीरिस्तान में हुए आत्मघाती हमले के लिए भारत को ज़िम्मेदार ठहराया था। इस हमले में पाकिस्तान सेना के 13 जवानों की मौत हुई थी।
भारत के विदेश मंत्रालय (MEA) ने इस पर बयान जारी करते हुए कहा, “हमने पाकिस्तान सेना का आधिकारिक बयान देखा है जिसमें भारत पर वज़ीरिस्तान हमले का आरोप लगाया गया है। हम इस आरोप को पूरी तरह से खारिज करते हैं और इसकी घोर निंदा करते हैं। यह आरोप केवल ध्यान भटकाने की कोशिश है।”
28 जून को पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के उत्तरी वज़ीरिस्तान जिले में एक आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटकों से लदी गाड़ी को सेना के काफिले से टकरा दिया। इस हमले में 13 सैनिक मारे गए, 10 घायल हुए, जबकि आसपास मौजूद 19 आम नागरिकों को भी चोटें आईं।
समाचार एजेंसी AFP के अनुसार, इस आत्मघाती हमले की जिम्मेदारी हाफिज गुल बहादुर समूह ने ली है। यह समूह तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) से जुड़ा एक गुट माना जाता है। पाकिस्तान लंबे समय से अफगान तालिबान पर इन आतंकी समूहों को पनाह देने का आरोप लगाता रहा है। हालांकि, अफगान सरकार इन आरोपों को खारिज करती रही है।
तालिबान के 2021 में अफगानिस्तान की सत्ता में आने के बाद से पाकिस्तान के कबायली इलाकों में आतंकी गतिविधियों में तेज़ी आई है। AFP की रिपोर्ट के मुताबिक, वर्ष 2025 में अब तक खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान में 290 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है, जिनमें अधिकतर सुरक्षा बलों के जवान शामिल हैं।
Related Articles
Comments
- No Comments...