
वरुण चक्रवर्ती और रवि बिश्नोई ने लिए 3-3 विकेट, जानिए आंकड़े
- 09-Nov-24 08:35 AM
- 0
- 0
0-दक्षिण अफ्रीका बनाम भारत
नईदिल्ली ,09 नवंबर। भारतीय क्रिकेट टीम ने दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम को पहले टी-20 मैच में 61 रन से हराया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए संजू सैमसन के शतक (107) की मदद से निर्धारित 20 ओवर के बाद 202/8 का स्कोर बनाया।जवाब में प्रोटियाज टीम 17.5 ओवर में 141 रन पर ही सिमट गई।भारत की जीत में वरुण चक्रवर्ती और रवि बिश्नोई ने 3-3 विकेट लिए।आइए इन गेंदबाजों के प्रदर्शन और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
भारत से चक्रवर्ती सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने अपने 4 ओवर में 6.20 की इकॉनमी रेट के साथ 25 रन देते हुए 3 सफलताएं हासिल की।यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी दर्ज हो गया। चक्रवर्ती ने रयान रिकेल्टन (21) को आउट कर अपने विकेटों का खाता खोला।इसके बाद अपने आखिरी ओवर में उन्होंने क्लासेन और डेविड मिलर (18) के रूप में प्रमुख विकेट चटकाए।
युवा स्पिनर बिश्नोई ने अपने 4 ओवर में 7.00 की इकॉनमी रेट के साथ 28 रन देते हुए 3 सफलताएं हासिल की। उन्होंने पैट्रिक क्रूगर (1) के रूप में अपनी पहली सफलता हासिल की।इसके बाद उन्होंने निचले क्रम में मार्को येंसन (12) और एंडिले सिमेलाने (6) को पवेलियन की राह दिखाई।इस लेग स्पिनर ने मिलर और क्लासेन जैसे आक्रामक बल्लेबाजों के खिलाफ किफायती गेंदबाजी करके प्रभावित किया।वहीं, आवेश खान ने 2 और अर्शदीप ने 1 विकेट लिया।
अभिषेक शर्मा (7) के जल्दी आउट होने के बाद भारतीय टीम से सैमसन और सूर्यकुमार यादव (21) ने 66 रन की साझेदारी की। इसके बाद सैमसन ने अपना शतक (107) पूरा किया।उनके अलावा तिलक वर्मा ने 31 रन की पारी खेली और भारत का स्कोर 200 के पार पहुंचा।जवाब में दक्षिण अफ्रीका ने एडेन मार्करम (8) और ट्रिस्टन स्टब्स (11) के जल्दी विकेट खोए। इसके बाद हेनरिक क्लासेन (25) ने संघर्ष किया, लेकिन जीत नहीं दिला सके।
००
Related Articles
Comments
- No Comments...