विधानसभा में हंगामा, भाजपा के चार विधायक पूरे सत्र के लिए निलंबित

  • 23-Jun-25 02:38 AM

कोलकाता,23 जून (आरएनएस)। विधानसभा अध्यक्ष बिमान बनर्जी ने चार भाजपा विधायकों को सदन से निलंबित कर दिया। विधानसभा अध्यक्ष के उक्त फैसले को तुगलकी करार देते हुए भाजपा ने इसकी निंदा की है। जिन भाजपा विधायकों को सदन से निकाला गया है उनके नाम दीपक बर्मन, शंकर घोष, अग्निमित्रा पॉल और मनोज ओरांव है। उक्त कार्रवाई कथित तौर पर तब की गई जब आज प्रश्नोत्तर काल शुरू होने से पहले ही भारतीय जनता पार्टी के विधायकों ने विधानसभा की कार्यवाही में पक्षपात का आरोप लगाते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने विरोध जताने के लिए कागज फाड़े और वेल में नारेबाजी की। इस पर विधानसभा अध्यक्ष बिमान बंद्योपाध्याय ने भाजपा के चार विधायकों शंकर घोष, मनोज उरांव, दीपक बर्मन और अग्निमित्रा पॉल को पूरे सत्र के लिए निलंबित कर दिया है।विस अध्यक्ष के निर्देश पर मार्शलों को बुलाया गया और निलंबित विधायकों को बाहर ले जाया गया। हालांकि अग्निमित्रा पॉल और दीपक बर्मन स्वयं बाहर चले गए, लेकिन अन्य विधायकों के साथ टकराव की स्थिति बन गई। भाजपा विधायक सुदीप मुखर्जी पर आरोप है कि उन्होंने मार्शल का कॉलर पकड़कर धक्का दिया। वहीं विधायक मिहिर गोस्वामी भी एक अन्य मार्शल से उलझ गए। इसके बाद सुरक्षा बलों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को संभालने की कोशिश की।कार्रवाई के बाद भाजपा विधायकों ने सदन के बाहर मोर्चा खोल दिया। भाजपा विधायकों ने निलंबन के विरोध में राज्य विधानसभा के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। इससे पहले पश्चिम बंगाल विधानसभा में भाजपा विधायक अग्निमित्रा पॉल ने महिला एवं बाल आयोग की तरह राज्य पुरुष आयोग के गठन की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि पुरुषों को भी मारपीट और उत्पीडऩ का सामना करना पड़ रहा है, इसलिए राज्य पुरुष आयोग के गठन की मांग की जा रही है।हंगामे के बीच तृणमूल कांग्रेस के विधायकों अरूप विश्वास, शोभनदेव चट्टोपाध्याय, फिरहाद हकीम और सुजीत बोस ने आरोप लगाया कि भाजपा विधायकों ने उनकी डेस्क तोड़ दी। इस पर विस अध्यक्ष ने सख्ती दिखाते हुए कहा कि जांच कराई जाएगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने विधानसभा का मुख्य द्वार बंद करने का आदेश भी दिया और कहा, यह कोई तमाशे की जगह नहीं है।
००




Related Articles

Comments
  • No Comments...

Leave a Comment