 
                                    सऊदी अरब ने उमराह वीजा टाइम की अवधि 3 महीने के घटाकर की 1 महीना, लाखों भारतीय मुसलमानों पर पड़ेगा असर
- 31-Oct-25 11:06 AM
- 0
- 0
रियाद ,31 अक्टूबर । भारत से हर साल बड़ी संख्या में लोग सऊदी अरब हज और उमराह के लिए जाते हैं। हज एक निर्धारित समय पर किया जाता है, जबकि उमराह पूरे साल कभी भी अदा किया जा सकता है। अब उमराह को लेकर एक बड़ा बदलाव किया गया है। सऊदी अरब ने उमराह के लिए एंट्री वीजा की वैधता अवधि तीन महीने से घटाकर एक महीना कर दी है।
नए नियमों के अनुसार, वीजा जारी होने की तारीख से यह सिर्फ एक महीने तक ही मान्य रहेगा। अगर वीजा लगने के बाद 30 दिनों के भीतर यात्री सऊदी अरब में प्रवेश नहीं करता है, तो उसका वीजा रद्द हो जाएगा। हालांकि, सऊदी अरब पहुंचने के बाद तीर्थयात्रियों के ठहरने की अवधि पहले की तरह तीन महीने ही रहेगी। हज और उमराह मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक, ये नए नियम अगले सप्ताह से लागू हो जाएंगे। मंत्रालय ने उमराह वीजा संबंधी नियमों में यह संशोधन उमराह यात्रियों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए किया है।
नेशनल कमेटी फॉर उमराह एंड विजिट के सलाहकार अहमद बजाइफर ने बताया कि यह निर्णय मंत्रालय की तैयारियों का हिस्सा है, क्योंकि गर्मी खत्म होने के बाद मक्का और मदीना में तापमान कम होने पर उमराह यात्रियों की संख्या में काफी बढ़ोतरी होती है। इस बदलाव का उद्देश्य पवित्र शहरों में भीड़भाड़ को नियंत्रित करना है।
नए उमराह सत्र की शुरुआत जून की शुरुआत में हुई थी और अब तक 40 लाख से अधिक विदेशी तीर्थयात्रियों को उमराह वीजा जारी किए जा चुके हैं। इस तरह, सिर्फ पांच महीनों में उमराह करने वालों की संख्या के मामले में यह सत्र रिकॉर्ड बना चुका है।
सऊदी अधिकारियों के अनुसार, वर्ष 2023 में भारत उमराह अदा करने वालों की संख्या के लिहाज से दुनिया में तीसरे स्थान पर रहा था। उस साल लगभग 18 लाख भारतीय मुसलमानों ने उमराह अदा किया था। उमराह इस्लामिक तीर्थयात्रा है जो मक्का में की जाती है और इसे वर्ष के किसी भी समय किया जा सकता है।
00
 
Related Articles
Comments
- No Comments...

 
                                                                                                                    
                                                                 
                                                                                                                    
                                                                 
                                                                                                                    
                                                                
 
                                                                                                                   
                                                                 
                                                                                                                   
                                                                 
                                                                                                                   
                                                                 
                                                                                                                   
                                                                