(बलियापुर)प्रवीण कुमार सिंह बने बलियापुर के एसडीएम, गांव में जश्न का माहौल

  • 15-Jul-25 12:00 AM

बलियापुर 15 जुलाई (आरएनएस)। बलियापुर अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार सिंह को झारखंड सरकार के कार्मिक विभाग द्वारा एसडीएम रैंक में पदोन्नत किया गया है। इसके साथ ही उनकी पदस्थापना अंचल अधिकारी बलियापुर सह एसडीएम बलियापुर के रूप में की गई है। यह पदोन्नति उनके कार्यक्षमता, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट प्रशासनिक योग्यता का परिणाम है। इस अधिसूचना के जारी होते ही न केवल उनके परिवार में बल्कि पूरे गांव और क्षेत्र में हर्ष और उत्साह का माहौल बन गया है। प्रवीण कुमार सिंह झारखंड राज्य के लातेहार जिले के बालूमाथ प्रखंड स्थित कोमर गांव के निवासी हैं। उनका जीवन संघर्ष, तपस्या और समर्पण की मिसाल रहा है। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गांव के प्राथमिक विद्यालय से प्राप्त की। इसके उपरांत उन्होंने बालूमाथ के सरस्वती शिशु विद्या मंदिर और राजकीयकृत प्लस टू उच्च विद्यालय बालूमाथ से शिक्षा ग्रहण की। इंटरमीडिएट की पढ़ाई उन्होंने हजारीबाग स्थित अन्नदा कॉलेज से की, जबकि स्नातक की डिग्री झुमरी तिलैया के प्रतिष्ठित जेजे कॉलेज से अर्थशास्त्र (प्रतिष्ठा) विषय में प्राप्त की। अपने लक्ष्य के प्रति समर्पण और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर प्रवीण कुमार सिंह ने झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की परीक्षा उत्तीर्ण की और उप समाहर्ता के पद पर नियुक्ति प्राप्त की। इससे पूर्व उन्होंने झारखंड पुलिस विभाग में सब-इंस्पेक्टर के रूप में सेवा देकर प्रशासनिक अनुभव प्राप्त किया। अंचल अधिकारी के रूप में उन्होंने राज्य के विभिन्न जिलों रांची, पलामू, सरायकेला, लोहरदगा, सिमडेगा, खूंटी और गढ़वा में ईमानदारी और कुशलता से कार्य किया। उनके द्वारा किए गए कार्यों ने न केवल विभागीय अधिकारियों को प्रभावित किया, बल्कि आम जनता के बीच भी उन्हें लोकप्रिय बना दिया। प्रवीण कुमार सिंह का प्रशासनिक अनुभव, सरल स्वभाव और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता उन्हें एक आदर्श अधिकारी के रूप में स्थापित करता है। उनकी लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वे जहां भी पदस्थापित रहे, वहां की जनता ने उन्हें न केवल अधिकारी के रूप में, बल्कि एक मार्गदर्शक, सहयोगी और अपने शुभचिंतक के रूप में देखा। बालूमाथ क्षेत्र में उन्होंने कई सामाजिक कार्यों में भाग लेकर जनता का विश्वास अर्जित किया है। आज भी वे क्षेत्रीय मुद्दों को लेकर मुखर रहते हैं और समस्याओं के समाधान हेतु सदैव तत्पर रहते हैं। उनकी सफलता पर गांव और आसपास के क्षेत्रों में उल्लास का वातावरण है। परिजनों, रिश्तेदारों और ग्रामीणों ने मिठाइयां बांटकर उनकी पदोन्नति का जश्न मनाया। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और सभी शुभचिंतकों को दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा सौंपे गए उत्तरदायित्वों को वे पूरी ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा से निभाने का प्रयास करेंगे। उनके पिता सुरेश सिंह बालूमाथ क्षेत्र के प्रसिद्ध फुटबॉल खिलाड़ी रहे हैं और उन्हें स्थानीय लोग फुटबॉल के भीष्म पितामह के नाम से सम्मानित करते हैं। उनका यह गौरवपूर्ण खेल-प्रशिक्षण पृष्ठभूमि ही प्रवीण कुमार सिंह के व्यक्तित्व में अनुशासन, लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्धता और ज़मीन से जुड़ाव की भावना लाई है। उनकी पत्नी वर्तमान में लातेहार में जिला परिषद उपाध्यक्ष के रूप में जनसेवा में संलग्न हैं, जबकि उनके छोटे भाई पीकेश कुमार सिंह झारखंड सचिवालय में प्रशाखा पदाधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। इस प्रकार, यह परिवार राज्य की प्रशासनिक और सामाजिक सेवा में उल्लेखनीय योगदान दे रहा है।




Related Articles

Comments
  • No Comments...

Leave a Comment