(भोपाल)जिस महिला पर गर्म तेल डाला उसकी मौत
- 07-Aug-25 12:00 AM
- 0
- 0
भोपाल 7 अगस्त (आरएनएस)। तीन युवकों ने एक महिला पर गर्म तेल डाल दिया, जिससे वह बुरी तरह से झुलस गई। हमीदिया अस्पताल में चार दिन चले इलाज के बाद गुरुवार (7 अगस्त) सुबह उसकी मौत हो गई। घटना रविवार रात (3 अगस्त) को अन्ना नगर की है। महिला के बेटे का आरोप है कि आरोपी मुझे मारने आए थे। मां बचाने आई तो उन्हें पीटा और गर्म तेल डाल दिया।पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इसके पीछे चाय नाश्ते की दुकान के बाहर अतिक्रमण किए जाने के विवाद बताया जा रहा है। मृतका कांति प्रजापति (35) के पति ने गोविंदपुरा पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।वहीं पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर गुरुवार को अन्नानगर इलाके में परिजन ने चक्काजाम कर दिया।कांति प्रजापति के पति मुकेश ने बताया कि रिश्तेदार कमलेश प्रजापति और उसका भांजा अतिक्रमण विवाद में बेटे को पीटने आए थे। यह देखकर कांति बेटे को बचाने पहुंची। आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। अपनी दुकान में कड़ाही में रखे गर्म तेल को पत्नी पर उड़ेल दिया। जिसने तेल डाला वह भी झुलस गया।हमने तत्काल पुलिस को सूचना दी। गोविंदपुरा थाने की एफआरवी मौके पर पहुंची। घायल पत्नी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाने के लिए निकले। रास्ते में पुलिसवालों ने आरोपियों के संबंध में पूछताछ की।पूछताछ के दौरान तड़पती पत्नी को करियर कॉलेज के पास उतार दिया। कहा कि यहां से खुद अस्पताल ले जाओ। वहां तक छोडऩा हमारा काम नहीं है। हम मिन्नतें करते रहे। पुलिसकर्मी नहीं माने, एक राहगीर की एक्टिवा से किसी तरह पत्नी को जेपी अस्पताल पहुंचाया।यहां से पत्नी को हमीदिया रेफर किया गया। इलाज के दौरान पत्नी की हमीदिया अस्पताल में मौत हो गई। मुकेश के मुताबिक उनकी पत्नी की मौत हो गई, बेटे को भी आरोपियों ने पीटा। इसके बाद भी उनके और उनके बेटों पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया गया है। जबकि जिसने उन पर एफआईआर कराई, उसी ने पत्नी को जलाया है। यही तेल उस पर गिरा, जिससे वह झुलस गया है।मृतका के बेटे ने बताया कि मां को एफआरवी से उतारा गया। मिन्नतों के बाद भी उसमें सवार पुलिसकर्मी मां को अस्पताल पहुंचाने को तैयार नहीं हुए। इस बात को लेकर हमारी उनसे बहस हुई पर वे नहीं रुके और चले गए। पुलिस बयान दर्ज करने भी अस्पताल देरी से आई, वहां भी पुलिसकर्मी बहस करता रहा।गोविंदपुरा थाना प्रभारी अवधेश सिंह तोमर के मुताबिक घटना की सूचना के बाद तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची। घायल महिला को करियर कॉलेज के करीब एक अस्पताल में भर्ती कराया। परिजन इस अस्पताल में भर्ती कराए जाने से संतुष्ट नहीं थे।बाद में वह खुद महिला को अपने साथ ले गए। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एफआईआर दर्ज की और घटना के चंद घंटे के भीतर ही आरोपियों की गिरफ्तारी भी की। पुलिस पर लगे तमाम आरोप निराधार हैं।
Related Articles
Comments
- No Comments...