सांप कभी दोस्त नहीं हो सकता
- 14-Sep-25 12:00 AM
- 0
- 0
हरिशंकर व्यासखास तौर पर वे हिंदू तो निश्चित ही, जो अपने को भारत माता का स्वयंसेवक कहते हैं तथा जो राष्ट्रवादी होने का दंभ भरते हैं। पर हां, जो लोग सर्वभूमि गोपाल में पृथ्वी को मनुष्यों का खुला मैदान मानने का मानवतावादी नजरिया लिए हुए हैं या प्रगतिशीलता के नेहरूवादी, माओवादी, नक्सली आइडिया में हिंदी-चीनी भाई-भाई का राग आलापते हुए चीन को समानता, सर्वहारा का मक्का समझते हैं, वे राष्ट्रद्रोह की कैटेगरी में नहीं रखे जाएंगे। इसलिए क्योंकि आखिर विचार और वैचारिक स्वतंत्रता में जीना मनुष्य होने का प्राथमिक लक्षण है।लेकिन जो स्वयंसेवक भारत माता के नाम पर रोहिंग्या या बांग्लादेशियों को समुद्र में फेंकने पर ताली बजाते हैं, या चौबीसों घंटे हिंदू-मुस्लिम राजनीति और पाकिस्तान पर निशाना साधते हुए वोट की राजनीति करते हैं, वे यदि चीन को दोस्त करार दे रहे हैं तो यह राष्ट्र से, मातृभूमि से वह गद्दारी है, जिसकी मिसाल दुनिया में ढूंढे नहीं मिलेगी!कैसे? तब बताएं दुनिया में दूसरा कौन सा ऐसा देश है जो 1947 की स्वतंत्रता से भारत की ज़मीन, भारत की आर्थिकी, भारत की गरिमा, भारत के मान-सम्मान व महत्व को खाता हुआ है जैसे चीन ने खाया है!यह गहरी और गंभीर बात है! इसलिए क्योंकि हिंदुओं की मोटी बुद्धि में पाकिस्तान ही अकेला शैतान है। लेकिन पाकिस्तान की दुश्मनी विभाजन के घाव, हिंदू-मुस्लिम इतिहास की ग्रंथि से है। फिर पाकिस्तान भारत से लगातार हारा हुआ देश है। भारत ने पाकिस्तान के दो टुकड़े किए हैं। जबकि माओ और कम्युनिस्ट पार्टी का जब से चीनी सभ्यता पर कब्ज़ा है वह भारत को खाता और उसका अपमान करता हुआ है।उसने न केवल भारत की भूमि पर कब्ज़ा किया है, बल्कि वह डंके की चोट लगातार अरुणाचल प्रदेश पर कब्ज़े का मंसूबा बताता है। चीन ने तिब्बत को खाया। भारत का बफऱ खत्म किया। भारतीय सीमा में घुस कर 1962 में अक्साई चिन, लद्दाख की कोई 38 हजार वर्ग किलोमीटर भारतीय भूमि कब्ज़े में की। (इसे हम भारतीयों ने लगभग भूला दिया है।) वहीं उसने 1963 से पाक-अधिकृत कश्मीर की शक्सगम घाटी/काराकोरम इलाके को भी पाकिस्तान से ले रखा है। और पूरे अरुणाचल प्रदेश के लगभग 90 हजार वर्ग किलोमीटर इलाके को वह अपना बताता है।यदि मान लें कि राष्ट्रवादी हिंदुओं की याद्दाश्त इतनी लंबी नहीं है तब हालिया सात से 10 मई 2025 (सिर्फ चार महीने पहले) का अनुभव तो याद रहना चाहिए। भारत ने ऑपरेशन सिंदूर में जो पाया उस पर चाहे जितना गौरव करें, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी, उनके सुरक्षा सलाहकार डोवाल, विदेश मंत्री जयशंकर, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भारत की सेना तथा हर हिंदू राष्ट्रवादी इस तथ्य-सत्य को भला कैसे नजऱअंदाज़ कर सकता है कि पाकिस्तानी सेना के पीछे तब चीन सक्रिय था। भारत का एक लड़ाकू विमान तबाह हुआ हो पांच या सात विमान, लेकिन सबके पीछे तो चीन के पाकिस्तान को दिए गए लड़ाकू विमान, मिसाइलें, एयर डिफेंस व सेटेलाइट आदि का सपोर्ट (मतलब चीन ने सेटेलाइट निगरानी से भारत की कार्रवाई की पल-पल की लाइव खुफिया जानकारियां पाकिस्तान को दी) था।पिछले 78 वर्षों से चीन लगातार पाकिस्तान का सरपरस्त है। वह भारत के खिलाफ पाकिस्तानी आतंकियों की हरकतों का समर्थक है। 2009–2019 के बीच यूएन प्रतिबंध सूचीकरण की संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद् की सूची में आतंकी मसूद अज़हर को यूएनएससी 1267 पर सूचीबद्ध करने के प्रस्तावों पर चीन ने बार-बार "तकनीकी बाधा" डाली। बहुत मुश्किल से वह मई 2019 में आतंकी करार हुआ। हम भारतीय भूल गए हैं लेकिन पिछले 78 वर्षों में चीन ने भारत के कई अलगाववादी–उग्रवादी (नगा, मिजो, मणिपुर और उल्फा) संगठनों को मदद दी है। 1967 से 1976 के बीच नगा अलगाववादियों को चीन ने म्यांमार के रास्ते युन्नान के कैंपो में रखकर उन्हें सैन्य प्रशिक्षण दिया। चीनी हथियारों से लैस करके नगालैंड में अशांति–हिंसा बनाए रखी। ऐसे ही 1960–80 के दशक में मणिपुर की पीएलए को काचिन इंडिपेंडेंस आर्मी की मदद से म्यांमार में चीन ट्रेनिंग दिलाता रहा। 1980–2000 के दशकों में उल्फा के लड़ाकों को मदद करता रहा।यह भी याद रखना चाहिए कि 1962 की लड़ाई में चीन शेष भारत से उत्तर-पूर्व को काटने की सीमा तक आगे बढ़ गया था। हाल के सालों में भी सिक्किम–भूटान की सीमा क्षेत्रों में जिस तरह इंफ्रास्ट्रक्चर बनाते हुए है, और डोकलाम गतिरोध के समय उसकी जो रणनीति जाहिर हुई तो वह भविष्य में नार्थ-ईस्ट का उसके रोडमैप का संकेत ही था।दरअसल माओ के समय से ही चीन ने भारत को उपहास का ऐंवे ही देश माना हुआ है। माओत्से तुंग ने 1973 में हेनरी किसिंजर से भारत का मज़ाक उड़ाते हुए कहा था कि भारत "एक गाय है जिसका शरीर बड़ा है पर ताक़त कम है, और जो अब भी बैलगाड़ी खींच रहा है।" यह वाक्य चीनी कम्युनिस्ट शासन की उस मानसिकता का आईना था जो भारत को विशाल जनसंख्या और आकार के बावजूद कमजोर, धीमा और अप्रभावी बताता है। चीन की हमेशा रणनीति भारत को बराबरी का दर्जा नहीं देने की रही है।देंग शियाओपिंग ने 1980 के दशक में राजीव गांधी से मुलाक़ात में यह कहा था कि भारत और चीन को नेतृत्व के लिए प्रतिस्पर्धा नहीं करनी चाहिए। मतलब वह चीन की श्रेष्ठता को माने रहे। जियांग ज़ेमिन और हु जिनताओ के दौर में चीनी थिंक टैंक भारत को लगातार दोयम दर्जे की "द्वितीयक शक्ति" बताते रहे। जिसमें न औद्योगिक सामर्थ्य है और न रणनीतिक गहराई। शी जिनफिंग के समय में एक ही रणनीति है भारत को अपना बाजार बनाते जाओ। भारत उस पर निर्भर हो। उसकी आत्मनिर्भरता खत्म हो। उसे दक्षिण एशिया के पड़ोसियों में इतना बेअसर बना दो कि विश्व राजनीति की जगह वह पाकिस्तान के ही रोने में फंसा रहे। दुनिया मान ले कि भारत का न दीन-ईमान है, न कोई उसके साथ खड़ा हो और न वह चीन से आंखें मिलाकर उसे चुनौती देने की हैसियत लिए हुए हो। 2020 के गलवान की तनातनी ने और हाल के ऑपरेशन सिंदूर से उसने जान लिया है कि भारत में क्या दमखम है।चीन के लिए डोनाल्ड ट्रंप का भारत से पंगा वह अभूतपूर्व अवसर है, जिससे वह अब दुनिया को दिखलाता हुआ है कि भारत अवसरवादी है। सोचें, भारत कैसी कूटनीति करता हुआ कि प्रधानमंत्री मोदी जापान जा कर दोस्ती की बातें कर रहे हैं और वहां से चीन जा कर ड्रेगन-हाथी की दोस्ती की बात कर रहे हैं, जबकि जापान राष्ट्र की दुश्मनी का एकमेव देश चीन है!सो, कौन दोस्त है और कौन दुश्मन है, जिस देश को इसका भी ख्याल नहीं है उसे तो दुनिया तो यही कहेगी कि वह अवसरवादी ही नहीं, बल्कि आत्मघाती, अपने पांवों पर खुद कुल्हाड़ी मारने वाला देश भी है। चीन का बाजार बन कर भारत ने अपनी आर्थिकी को बरबाद किया है। फिलहाल चीन भारत से व्यापार में हर साल कोई सौ अरब डॉलर का मुनाफा कमा रहा है। व्यापार घाटा लगभग एक सौ अरब डॉलर तक पहुंच चुका है। भारत उपनिवेशकाल की वैसी ही स्थिति में जैसे ब्रिटेन भारत से कच्चा माल ले कर तैयार माल बना कर का बेचा करता था। हिसाब से ब्रितानी तो फिर भी भारत के कच्चा माल ले जाते थे। जबकि अब चीन को भारत कच्चा माल लगभग नहीं के बराबर देता है। भारत बुनियादी तौर पर उसके निर्मित सामान का खरीदार देश है। उस पर आश्रित देश है। हाल में रेर अर्थ खनिज में भारत की चीन पर निर्भरता चौकाने वाली थी।बहरहाल, पते की बात सांप कभी दोस्त नहीं हो सकता। आग उगलता दैत्य समान ड्रेगन कभी हाथी का भारत की भीड़ का सहोदर नहीं हो सकता। जो ऐसा मानते हैं कि वह चीन दोस्त है, संकट का साथी है वे भारत राष्ट्र-राज्य को खाई में धकेल रहे हैं।
Related Articles
Comments
- No Comments...