
(कोरिया ) स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान का आयोजन
- 25-Sep-25 01:14 AM
- 0
- 0
कोरिया 25 सितम्बर (आरएनएस )। जिले में स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान का आयोजन कोरिया कलेक्टर चंदन त्रिपाठी के निर्देशानुसार और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। यह अभियान प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व योजना के तहत जिले में निरंतर क्रियान्वित किया जा रहा है।आज की थीम 'छत्तीसगढ़ की महतारी-हम सब की जिम्मेदारी' के अंतर्गत जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और जिला अस्पताल में गर्भवती और उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की जांच, उपचार, टीकाकरण, आवश्यकता अनुसार स्त्री रोग विशेषज्ञ द्वारा सोनोग्राफी सुनिश्चित की गई। महिलाओं को संतुलित आहार, पोषण और निर्धारित समय पर गर्भावस्था जांच के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।काउंसलिंग और स्वास्थ्य शिक्षा के माध्यम से जन जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित हो सके। अभियान का मुख्य उद्देश्य मातृ मृत्यु दर और शिशु मृत्यु दर को कम करना और परिवारों को स्वस्थ और सशक्त बनाना है।
Related Articles
Comments
- No Comments...