(रायपुर) राजधानी में वर्षा थमने पर उमस भरी गर्मी से लोग परेशान
- 10-Jul-25 08:28 AM
- 0
- 0
० मध्य छग में वर्षा होने का पूर्वानुमान व्यक्त किया मौसम विभाग ने
रायपुर, 10 जुलाई (आरएनएस)। राजधानी में आज सुबह से ही वर्षा थम गई। धूप निकलने के कारण उमस से लोग बेचैन हो गये हैं। वहीं वर्षा रूकने के कारण निचली बस्तियों के लोगों ने राहत की सांस ली है। अनेक जिलों में अच्छी वर्षा होने के कारण बुआई के कार्य में तेजी आई है।
मौसम एवं कृषि विभाग से मिली जानकारी के अनुसार इस समय 33 जिलों में से आठ जिलों को छोड़कर सभी जिलों में अच्छी वर्षा हुई है। उत्तरी छग एवं दक्षिणी छग में अत्यधिक वर्षा होने के कारण नदी नाले उफान पर है।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. चंद्रा ने बताया कि एक द्रोणिका और उच्च दाब निर्मित होने के कारण मध्य छग तथा इसके आसपास के क्षेत्रों में अच्छी वर्षा होने की संभावना है।
एक निम्न दाब का क्षेत्र गंगेटिक पश्चिम बंगाल और उससे लगे झारखंड के ऊपर स्थित है। इसके साथ ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण 7.6 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। इसके पश्चिम उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढऩे की संभावना है।
मानसून द्रोणिका माध्य समुद्र तल पर अमृतसर, चंडीगढ़, निजिमाबाद, शाहजहांपुर, कानपुर, डाल्टनगंज, गंगेटिक पश्चिम बंगाल के ऊपर स्थित निम्न दाब के केंद्र और उसके बाद दक्षिण पूर्व की ओर उत्तर पूर्व बंगाल की खाड़ी तक स्थित है।
मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि एक द्रोणिका उत्तर पूर्व अरब सागर से गंगेटिक पश्चिम बंगाल के ऊपर स्थित निम्न दाब के केंद्र तक, दक्षिण गुजरात, उत्तर मध्य महाराष्ट्र, विदर्भ, दक्षिण छत्तीसगढ़, उड़ीसा होते हुए 4.5 किलोमीटर से 7.6 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। एक द्रोणिका पश्चिम असम से तेलंगाना तक, दक्षिण छत्तीसगढ होते हुए 3.1 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है । प्रदेश में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पडऩे की संभावना है। प्रदेश में एक दो स्थानों पर गरज चमक के साथ भारी वर्षा होने की भी संभावना है। भारी वर्षा का क्षेत्र मध्य छत्तीसगढ के जिले संभावित है।
००००
Related Articles
Comments
- No Comments...