
Air India ने 5 घंटे तक यात्रियों को विमान में बिठाए रखा, दम घुटने लगा तो हुआ भयंकर बवाल
- 28-Jan-25 07:56 AM
- 0
- 0
मुंबई 28 Jan, : मुंबई से दुबई जा रही एयर इंडिया की उड़ान संख्या AI 909 में रविवार, 26 जनवरी को एक बेहद ही चौंकाने वाली घटना सामने आई है। विमान में सवार यात्रियों को लगभग 5 घंटे तक बिना एयर कंडीशनिंग के बंद विमान में कैद रहना पड़ा, जिससे कई यात्रियों को घुटन और पैनिक अटैक का सामना करना पड़ा।
विमान को सुबह 8:25 बजे मुंबई से रवाना होना था और 10:15 बजे दुबई पहुँचना था। यात्रियों ने समय पर चेक-इन किया और विमान में सवार हो गए। लेकिन, विमान तकनीकी खराबी के कारण उड़ान नहीं भर सका। यात्रियों को बंद दरवाजों के भीतर ही इंतज़ार करना पड़ा। आखिरकार, विमान शाम 5:10 बजे मुंबई से रवाना हुआ और शाम 6:29 बजे दुबई पहुंचा।
जैसे-जैसे केबिन का तापमान बढ़ता गया, यात्रियों को घुटन महसूस होने लगी। एयर कंडीशनिंग काम नहीं कर रही थी, जिसके कारण कई यात्रियों को सांस लेने में भी तकलीफ होने लगी। यात्रियों का आरोप है कि इतनी परेशानी के बावजूद एयरलाइन क्रू ने उनकी कोई मदद नहीं की।
विमान में सवार कुछ यात्रियों ने इस घटना के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिए। वीडियो में यात्रियों का डर और गुस्सा साफ़ नज़र आ रहा है। एक यात्री ने बताया कि यात्रियों के हंगामा करने के बावजूद कैप्टन कॉकपिट से बाहर आकर उनसे बात करने या उन्हें दिलासा देने तक नहीं आए।
वीडियो में यात्री दरवाज़े पीटते और क्रू सदस्यों से उन्हें खोलने की गुहार लगाते दिख रहे हैं। कुछ वीडियो में यात्री क्रू सदस्यों पर चिल्लाते हुए भी नज़र आ रहे हैं। एक यात्री को यह कहते हुए सुना जा सकता है, हमें आप पर भरोसा नहीं है। दरवाज़ा खोलो।
इस घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों ने एयर इंडिया के प्रति अपना गुस्सा ज़ाहिर किया है। तेजस्वी आनंद कुमार नाम के एक यात्री ने वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा कि एयर इंडिया की फ़्लाइट AI909 में उनके साथ जो हुआ, वह बेहद ही भयानक अनुभव था। उन्होंने बताया कि सुबह 8:25 बजे की फ़्लाइट में यात्रियों (बच्चों और बुज़ुर्गों सहित) को बिना AC के 5 घंटे तक बंद रखा गया।
एक अन्य यात्री ने टाटा समूह के स्वामित्व वाली एयरलाइन से इस तरह के व्यवहार की उम्मीद नहीं होने की बात कही। इस घटना पर एयर इंडिया की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
Related Articles
Comments
- No Comments...