जेतपुर ,14 नवंबर(आरएनएस)। गुजरात के जेतपुर शहर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां के देसाईवाड़ी क्षेत्र में स्थित शिवशक्ति अपार्टमेंट की तीसरी मंजिल से खेलते-खेलते एक 5 वर्षीय मासूम बच्चा खिड़की से नीचे गिर गया, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। यह पूरी घटना अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। यह हादसा इसलिए भी ज्यादा मार्मिक है, क्योंकि मृतक पांच वर्षीय जयराज अपनी तीन बहनों का सबसे छोटा और इकलौता भाई था।
खेलते-खेलते हुआ हादसा
पुलिस इंस्पेक्टर एडी परमार ने जानकारी देते हुए बताया कि जेतपुर के देसाईवाड़ी इलाके में स्थित शिवशक्ति अपार्टमेंट की तीसरी मंजिल पर परेश भाई और जानवीबेन देवमुरारी अपने चार बच्चों—बेटियां महक (17), वृंदा (15), सेजल (12) और बेटे जयराज (5) के साथ रहते हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना दोपहर के समय हुई। मां जानवीबेन घर के ही दूसरे (बाजू के) कमरे में सो रही थीं, तभी जयराज एक अन्य कमरे में अकेला खेल रहा था। इसी दौरान खेलते-खेलते वह अचानक खिड़की से असंतुलित होकर नीचे गिर गया।
अस्पताल ने किया मृत घोषित
बच्चे के गिरने की तेज आवाज सुनते ही अपार्टमेंट के निवासी और परिजन बाहर की ओर दौड़े। उन्होंने देखा कि जयराज नीचे जमीन पर लहूलुहान हालत में पड़ा था।
मां जानवीबेन भी अपनी बेटियों के साथ तुरंत नीचे पहुंचीं और बेटे को फौरन सरकारी अस्पताल ले जाया गया। लेकिन, अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने जांच के बाद जयराज को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि ऊंचाई से गिरने के कारण सिर में गंभीर चोट (हेमरेज) लगने से जयराज की मौके पर ही मौत हो गई थी।
परिवार में छाया मातम
तीन बहनों के इकलौते भाई की इस आकस्मिक मृत्यु से मां और तीनों बहनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना के बाद अस्पताल में मातम का माहौल छा गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर मामले की सभी एंगल से जांच शुरू कर दी है।
00
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

