देहरादून,14 नवंबर (आरएनएस)। पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) का नया जोनल कार्यालय शुक्रवार को देहरादून के आईटी पार्क सहस्रधारा रोड में शुरू हुआ। बैंक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अशोक चंद्र ने नवनिर्मित भवन का उद्घाटन किया। मीडिया से बातचीत में अशोक चंद्र ने कहा कि पीएनबी उत्तराखंड के विकास में सक्रिय भागीदार बनने को तैयार है। बैंक राज्य के युवाओं और नए स्टार्टअप को सहयोग देगा ताकि प्रदेश में रोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा मिल सके। उन्होंने बताया कि बैंक ने जीएसटी दरों में कमी के बाद लोगों को जागरूक करने के लिए देशभर में कई कार्यक्रम किए हैं। इसी क्रम में 26 नवंबर को एमएसएमई विकास और वित्त सहयोग कार्यक्रम उत्तराखंड में आयोजित किया जाएगा। चंद्र ने कहा कि वर्तमान में पीएनबी की 299 शाखाएं, एटीएम और सेवा केंद्र उत्तराखंड के अलग-अलग हिस्सों में लोगों को बैंकिंग सुविधाएं दे रहे हैं। उन्होंने बैंक की ओर से राज्य में बैंकिंग सेवाओं के विस्तार, वित्तीय समावेशन और विकास योजनाओं में सहयोग बढ़ाने का आश्वासन दिया। मंडल प्रमुख देहरादून अभिनन्दन सिंह ने बताया कि इस दौरान एमडी अशोक चंद्र ने उपनल के दिवंगत कर्मचारियों के परिजनों को पीएनबी की सैलरी अकाउंट आधारित पर्सनल एक्सीडेंटल इंश्योरेंस योजना के अंतर्गत क्लेम राशि के चेक प्रदान किए। इसके बाद उन्होंने शुक्रवार को दून यूनिवर्सिटी के सभागार में ‘टाउन हॉल बैठकÓ में प्रदेशभर के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ संवाद किया। कार्यक्रम में अंचल प्रमुख अनुपम, उप अंचल प्रमुख सुनील कुमार सखूजा और प्रताप सिंह रावत, अंचल लेखा परीक्षा कार्यालय के प्रमुख कालिका प्रसाद, मंडल प्रमुख हल्द्वानी सिद्धार्थ अधिकारी, मंडल प्रमुख हरिद्वार रविंद्र कुमार, मंडल प्रमुख टिहरी राजकुमार आदि मौजूद थे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

