देहरादून,14 नवंबर (आरएनएस)। ग्राफिक इरा हिल यूनिवर्सिटी में आयोजित दो दिवसीय वार्षिक कृषि महोत्सव एग्रीफेस्ट का शुभारंभ शुक्रवार को कृषि मंत्री गणेश जोशी ने दीप प्रज्वलित कर किया। उद्घाटन के बाद उन्होंने कृषि, बागवानी, पशुपालन तथा ग्रामीण विकास से जुड़े विभागों द्वारा लगाए गए 10-15 आधिकारिक स्टॉलों का अवलोकन किया। मंत्री जोशी ने कहा कि ऐसे आयोजन किसानों, कृषि-स्टार्टअप उद्यमियों, शोधकर्ताओं, छात्रों और विभिन्न कृषि विभागों को एक ही मंच पर जोड़ते हैं और नवाचार, कौशल, उद्यमिता तथा सतत कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के महोत्सव युवा पीढ़ी को आत्मनिर्भरता और कृषि क्षेत्र में नई तकनीकों अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने उत्तराखंड में उत्पादित मिलेट्स को उत्कृष्ट गुणवत्ता वाला बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों की आय बढ़ाने के लिए कई कल्याणकारी योजनाएँ लागू की गई हैं। पीएम किसान निधि की पहली फाइल पर प्रधानमंत्री द्वारा हस्ताक्षर करना किसानों के प्रति सरकार की संवेदनशीलता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य में भी कृषक हित में अनेक योजनाएँ संचालित की जा रही हैं। मंत्री जोशी ने सफल आयोजन के लिए विश्वविद्यालय और कृषि संकाय को बधाई दी। कार्यक्रम में चेयरमैन कमल घनसाला, वाइस चांसलर अमित कुमार भट्ट, एनके नौटियाल, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और किसान मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

