भोपाल 14 नवंबर (आरएनएस)। जिले की सभी शासकीय स्वास्थ्य संस्थाओं में डायबिटीज एक्रॉस लाइफ स्टेजेस की थीम पर विश्व मधुमेह दिवस मनाया गया। इस अवसर पर मधुमेह की रोकथाम एवं नियंत्रण पर जागरूकता सत्र व स्वास्थ्य वार्ता, प्रारंभिक जांच के लिए एनसीडी स्क्रीनिंग एवं परामर्श शिविर आयोजित किए गए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा रेल विकास निगम सहित कई अन्य स्थानों पर डायबिटीज स्क्रीनिंग एवं जागरूकता शिविर लगाए गए।
शिविरों में मधुमेह की जांच के साथ ही लक्षणों, बचाव, उपचार की जानकारी दी गई। आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में योग क्रियाओं के माध्यम से मधुमेह नियंत्रण की विधियां सिखाई गईं। साथ ही भोजन और स्वस्थ जीवन शैली के बारे में जानकारी दी गई।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा असंचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम अंतर्गत मधुमेह एवं उच्च रक्तचाप की जांच परामर्श एवं दवाइयां निशुल्क दी जाती है। जिला अस्पताल से लेकर आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, संजीवनी क्लिनिक्स में इन बीमारियों की जांच, परामर्श और दवाइयां निशुल्क दी जाती हैं। परिवार में पहले से किसी सदस्य को डायबिटीज होने, अनियमित खानपान, हाई ब्लड प्रेशर, कोलेस्ट्रॉल, अधिक वजन होने पर मधुमेह की नियमित जांच करवाया जाना आवश्यक है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी भोपाल डॉ. मनीष शर्मा ने बताया कि कमजोरी या थकान महसूस होने, वजन के अचानक कम होने या बढऩे, तेज भूख लगने, बार-बार पेशाब, बार-बार प्यास लगना, घाव बनने में देरी,धुंधलापन जैसे लक्षण दिखने पर इन्हें नजर अंदाज नहीं करना चाहिए।

