दुर्ग, 15 नवम्बर (आरएनएस)। दुर्ग जिले के कुम्हारी रेलवे स्टेशन के परसदा रेलवे फाटक के पास उस समय सनसनी फैल गई जब झाडिय़ों के बीच एक नर कंकाल मिला। बताया जा रहा है कि शव काफी समय से वहीं पड़ा था, जिसके कारण पूरी तरह सड़-ग़ल चुका था। पुलिस ने कंकाल को बरामद कर कचांदूर स्थित सीसीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया है।
घटना उस समय सामने आई जब राजेश नामक व्यक्ति अपनी बकरियों को रेलवे लाइन के किनारे चरा रहा था। अचानक बकरियाँ घबराकर दौडऩे लगीं। अनहोनी की आशंका पर राजेश झाडिय़ों की ओर बढ़ा, जहाँ उसे सड़ी-गली अवस्था में एक नर कंकाल दिखाई दिया। यह दृश्य देखते ही उसने तुरंत डायल 112 और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। कंकाल की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
बंछोर
000

