ड्रमंडगंज, मीरजापुर 17 नवंबर (आरएनएस )। ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के देवहट गांव स्थित ओवरब्रिज के पास सोमवार दोपहर बारह बजे के करीब सर्विस लेन से तेज रफ्तार से आ रहे पिकप वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रयागराज जिले के कोरांव थाना क्षेत्र के महुली गांव निवासी 50 वर्षीय फूलचंद दुबे बाइक से ड्रमंडगंज बाजार जा रहे थे। जैसे ही मीरजापुर-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग के देवहट गांव स्थित ओवर ब्रिज के पास पहुंचे तो मीरजापुर की ओर से तेज रफ्तार से आ रही पिकप ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। पिकअप की टक्कर से बाइक चालक फूलचंद सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए और बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं घटना के बाद पिकप चालक वाहन लेकर भाग निकला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे एसआई शिवाकांत पांडेय व एसआइ रामविशाल हेड कांस्टेबल नारायण शर्मा घायल बाइक चालक को उपचार हेतु नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ड्रमंडगंज ले गए। जहां प्राथमिक उपचार के बाद बाइक चालक के सिर, चेहरे तथा दाहिने पैर में आई गंभीर चोट को देखते हुए चिकित्साधिकारी डा बालकृष्ण मिश्र ने मंडलीय चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया लेकिन सूचना पाकर अस्पताल पहुंचे परिजन उपचार हेतु निजी साधन से कोरांव लेकर चले गए।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

