सुल्तानपुर 17 नवंबर (आरएनएस)। एक मुकदमे से वापस लौट रहे कांग्रेस नेता राहुल गांधी की मुलाकात के बाद सुर्खियों में आए कूरेभार थाना क्षेत्र के ढेसरुआ गाँव निवासी रामचेत मोची का बीते मंगलवार को कैंसर व टीवी की लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था। रामचेत मोची के आकस्मिक निधन की सूचना कांग्रेस नेता राहुल गांधी तक पहुंची तो उन्होंने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए जनपद के कांग्रेस कार्यकर्ता व नेताओं को सख्त निर्देश देते हुए उनके अंतिम संस्कार व तेरवीं संस्कार के कार्यक्रम के लिए हर संभव मदद का निर्देश दिया। जिसे अमेठी व सुल्तानपुर के कांग्रेसियों ने बखूबी इमानदारी से निर्वाहन करने में जुट गए। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा के नेतृत्व में सोमवार को कांग्रेस का प्रतिनिधि मंडल कूरेभार के ढेसरुआ गाँव पहुंचा, जहां स्व रामचेत मोची के परिजनों से मिलकर उन्हें आर्थिक सहायता दी। प्रतिनिधि मंडल में सम्मिलित पूर्व मंत्री मोईद वरिष्ठ नेता हरीश त्रिपाठी आदि लोग उनके निधन पर गहरा दुख प्रकट करते हुए उन्हें हर संभव मदद का आश्वासन दिया। इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा ने कहा कि स्व रामचेत मोची हमारे नेता राहुल गांधी के मित्र के साथ-साथ हमारे गृह जनपद के निवासी थे। वे बहुत गरीब थे और यह हमारी नैतिक जिम्मेदारी है कि ऐसे लोगों के सुख दुख में सम्मिलित होकर हर संभव मदद की जाए। वहीं उन्होंने उनके परिजनों को आश्वासन देते हुए कहा कि उनके तेरवीं संस्कार में हर संभव मदद प्रदान की जाएगी। कांग्रेस परिवार हमेशा रामचेत मोची के परिजन के साथ खड़ा रहेगा। इस मौके पर ममनून आलम, सूचना अधिकार विभाग के ओपी दूबे अनवर हुसैन फौजी अजय मिश्रा आदि लोग शामिल रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

