लखनऊ 17 नवंबर (आरएनएस )। बीती रात्रि लगभग 00:22 बजे ग्राम माधवपुर स्थित लखनऊ–सीतापुर हाईवे पर इटौंजा ओवरब्रिज के निकट उस समय अफरा-तफरी मच गई जब सड़क किनारे बनी गुमटियों में अचानक आग लग गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग तुरंत सक्रिय हुए और मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस जब घटनास्थल पर पहुंची, तब तक 5 से अधिक गुमटियां आग की चपेट में आ चुकी थीं और लपटें तेजी से फैल रही थीं। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए फायर सर्विस की दो गाडिय़ों को लगाया गया, जिन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।घटनास्थल पर स्थित ये गुमटियां स्थानीय लोगों की जीविका का मुख्य साधन थीं। इनमें प्लास्टिक स्क्रैप गोदाम, मोटरसाइकिल और चारपहिया वाहन रिपेयरिंग गुमटियां, इलेक्ट्रिशियन की दुकान, साइकिल एवं पिंजरा बनाने की गुमटी सहित कई छोटी व्यापारिक इकाइयां शामिल थीं। आग ने कुछ ही मिनटों में इन सभी को अपनी चपेट में ले लिया और दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो गईं। प्रभावित दुकानदारों में नसरुद्दीन, शिवा, उमेश गुप्ता, विवेक, मोहम्मद आरिफ, मुनीर और राजू शामिल हैं, जिनकी गुमटियां और सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया।पुलिस के अनुसार आग लगने की सूचना उचित माध्यम से प्राप्त होते ही तत्काल दल-बल के साथ घटनास्थल की ओर रवाना कर दिया गया था। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने सुरक्षा घेरा बनाकर दमकल विभाग को राहत कार्य में सहयोग किया और आसपास मौजूद लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है और प्राथमिक जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल पर हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं।स्थानीय लोगों के अनुसार देर रात अचानक उठी धुएं की तीव्र गंध और ऊंची लपटों ने क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया था। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलने की आशंका थी, लेकिन दमकल कर्मियों और पुलिस की तत्परता ने बड़ा नुकसान होने से बचा लिया। हालांकि आर्थिक क्षति काफी अधिक बताई जा रही है।पुलिस ने बताया कि आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और घटनास्थल का मुआयना कर सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। प्रभावित लोगों को प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए सक्षम अधिकारियों को अवगत कराया जा रहा है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

