लखनऊ 17 नवंबर (आरएनएस )। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा है कि प्रदेश और देश में भ्रष्टाचार, बेईमानी और लूट चरम पर पहुँच चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और उसकी सरकार हर स्तर पर भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रही है और शासन-प्रशासन में संविधान एवं कानून का शासन लगभग समाप्त हो गया है।अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की नीयत शुरू से ही लोकतंत्र को बंधक बनाने की रही है। प्रशासनिक और सरकारी तंत्र का दुरुपयोग कर चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित किया जा रहा है। चयन प्रक्रिया में धांधली, चुनावों में पैसे का उपयोग और सार्वजनिक मंचों पर खुलेआम साम्प्रदायिक तनाव पैदा करने वाली बयानबाजी भाजपा की कार्यशैली का हिस्सा बन गई है।उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में फर्जी मुठभेड़ की घटनाएँ बढ़ी हैं और कई मामलों में स्वयं पुलिस अधिकारियों पर मुकदमे दर्ज हुए हैं। जमीनों पर अवैध कब्ज़े, अवैध खनन और बड़े पैमाने पर अवैध वन कटाई जैसी गतिविधियाँ खुले रूप से संचालित हो रही हैं। हर विभाग में भ्रष्टाचार गहराई तक फैला है। कई मामलों में पुलिस हिरासत में मौतें हुई हैं, जबकि निवेश की प्रक्रियाओं में कमीशन की मांग आम बात हो गई है।अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा संविधान को कमजोर करने और लोकतांत्रिक संस्थाओं को नियंत्रित करने का षड्यंत्र चला रही है। झूठे दावों का बेशर्मी से प्रचार हो रहा है, जबकि बुलडोजर कार्रवाई के नाम पर नाइंसाफी की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार आरक्षण को खत्म करने और नौकरियों में भर्ती प्रक्रिया को बाधित करने की साजिश रच रही है।सपा अध्यक्ष ने यह भी कहा कि भाजपा पीडीए वर्ग के साथ निरंतर अन्याय कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को लोकतांत्रिक मर्यादाओं की कोई परवाह नहीं है और उसने लोकतंत्र और कानून को मजाक बनाकर रख दिया है।अखिलेश यादव ने विश्वास जताया कि जनता भाजपा की नकारात्मक कार्यप्रणाली और उसके शासन के वास्तविक स्वरूप को भलीभांति समझ चुकी है। आने वाले समय में जनता भाजपा को इसका कड़ा जवाब देगी और सबक सिखाएगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

