लखनऊ 17 नवंबर (आरएनएस ) महिला सुरक्षा, जागरूकता और सशक्तिकरण की दिशा में लखनऊ पुलिस द्वारा संचालित मिशन शक्ति 5.0 के तहत सोमवार को थाना अमीनाबाद क्षेत्र के विद्यांत डिग्री कॉलेज में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य छात्राओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और उपलब्ध सरकारी मदद के बारे में जागरूक करना था।पुलिस आयुक्त अमरेन्द्र कुमार सेंगर के मार्गदर्शन में जनपद के सभी 54 थानों में स्थापित किए गए मिशन शक्ति केंद्रों के माध्यम से महिलाओं की समस्याओं का तत्काल समाधान करने पर जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में मिशन शक्ति टीम ने कॉलेज पहुंचकर छात्राओं को पंपलेट वितरित किए तथा महिला सुरक्षा, नारी स्वावलंबन, साइबर जागरूकता और विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की विस्तृत जानकारी दी।अभियान का नेतृत्व मिशन शक्ति प्रभारी महिला उपनिरीक्षक गौरव कुमारी ने किया। उनके साथ महिला आरक्षी रंजू, महिला आरक्षी रीता तथा आरक्षी अखिलेश मल्ल भी मौजूद रहे। टीम ने कॉलेज परिसर का भ्रमण कर छात्राओं और शिक्षिकाओं से संवाद स्थापित किया तथा सुरक्षा संबंधित सरकारी हेल्पलाइन नंबर—102, 108, 112, 1090, 181, 1930 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098—की जानकारी साझा की। टीम ने कॉलेज परिसर में संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग भी की, ताकि माहौल सुरक्षित और नियंत्रित रहे।महिला उपनिरीक्षक ने मिशन शक्ति अभियान के महत्व पर विस्तार से चर्चा की और बताया कि यह पहल महिलाओं, किशोरियों और वरिष्ठ नागरिक महिलाओं को सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और अधिकारों के प्रति जागरूक करने का व्यापक कार्यक्रम है। छात्राओं को गुड टच और बैड टच की पहचान के बारे में जागरूक किया गया तथा साइबर अपराध से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी गई। उन्हें आत्मरक्षा का महत्व समझाते हुए आत्मविश्वास और स्वावलंबन बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया।चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 के बारे में विशेष जानकारी देते हुए छात्राओं को बताया गया कि बालश्रम, बाल दुव्र्यवहार या किसी बच्चे के शोषण की स्थिति में तुरंत इस नंबर पर सूचना दें, ताकि समय पर सहायता पहुंचाई जा सके। साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए ऑनलाइन फ्रॉड, साइबर स्टाकिंग और डिजिटल अपराधों से बचाव की तकनीकें भी समझाई गईं।विद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 100 से 110 छात्राओं ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में विद्यांत कॉलेज की प्राचार्या भी मौजूद रहीं। सभी प्रतिभागियों ने मिशन शक्ति टीम के प्रयासों की सराहना की और इस पहल को समाज में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।अभियान के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि महिला सुरक्षा केवल सरकारी एजेंसियों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। ऐसे कार्यक्रम न केवल छात्राओं में जागरूकता बढ़ाते हैं, बल्कि एक सुरक्षित, संवेदनशील और सम्मानपूर्ण समाज के निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं।लखनऊ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में महिला सुरक्षा से संबंधित जागरूकता कार्यक्रम लगातार जारी रहेंगे, और पुलिस प्रशासन महिलाओं की सहायता, सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने के प्रति पूर्णत: प्रतिबद्ध है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

