मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के सहारे गरीब बेटियों के सपनों को मिला सहारा
लखनऊ 17 नवंबर (आरएनएस ): मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत आज जनपद मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट परिसर खुशियों और उल्लास से गूंज उठा, जब 124 नवविवाहित जोड़ों ने एक-दूसरे का हाथ थामकर जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने दीप प्रज्वलन कर किया। उन्होंने सभी जोड़ों को आशीर्वाद दिया और सरकार की ओर से मिलने वाले उपहार भी भेंट किए।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ए.के. शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का उद्देश्य प्रदेश के गरीब परिवारों के बेटों और बेटियों की शादी कराकर उन्हें सम्मानजनक और सुखद वैवाहिक जीवन की शुरुआत करना है। उन्होंने बताया कि सरकार गरीबों की सहायता के लिए प्रतिबद्ध है और इस योजना के माध्यम से उन परिवारों को राहत मिलती है, जो आर्थिक तंगी के कारण विवाह के खर्च को वहन नहीं कर पाते।उन्होंने विकासखंड दोहरीघाट की ज्योति का उल्लेख करते हुए कहा कि बेटी आर्थिक रूप से बहुत कमजोर थी। जानकारी मिलने पर जिला प्रशासन को उसे योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने खुशी जताई कि न सिर्फ ज्योति बल्कि जिले के अनेक गरीब बेटे-बेटियों की शादी इस योजना के तहत कराई जा रही है।ए.के. शर्मा ने बताया कि पहले बेटियों की शादी को समाज में बोझ समझा जाता था और कई परिवार कर्ज में डूब जाते थे। लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार ने गरीब बेटियों की शादी का जिम्मा उठाया है। पूर्व में प्रति जोड़ा 51,000 रुपये की सहायता दी जाती थी, जिसे बढ़ाकर अब 1 लाख रुपये कर दिया गया है। इससे नवविवाहित दंपति अपने जीवन की नई शुरुआत मजबूती से कर सकते हैं।कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय, भाजपा जिला अध्यक्ष रामाश्रय मौर्य, जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र, मुख्य विकास अधिकारी प्रशांत नागर, जिला समाज कल्याण अधिकारी अनुज कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।सरकारी योजनाओं और सामाजिक सरोकारों से जुड़े इस सामूहिक विवाह समारोह ने न केवल 124 परिवारों को नई खुशियां दीं, बल्कि यह संदेश भी दिया कि सरकार समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों के साथ खड़ी है और उनकी बेटियों के सम्मान और भविष्य को सुरक्षित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

