दतिया 17 नवंबर (आरएनएस)।भारत निर्वाचन आयोग के प्रधान सचिव अविनाश कुमार एवं एएसओ अरुण कुमार आज सोमवार को दतिया पहुंचे। न्यू कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में उन्होंने एसआईआर के अंतर्गत एन्यूमरेशन फॉर्म वितरण एवं डिजिटाइज़ेशन कार्य की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में कलेक्टर स्वप्निल वानखडे, सीईओ जिला पंचायत अक्षय कुमार तेम्रवाल, संयुक्त कलेक्टर लोकेन्द्र सरल, सभी ईआरओ, एईआरओ, बीएलओ एवं सुपरवाइजर्स उपस्थित रहे।
समीक्षा के दौरान प्रिंसिपल सेक्रेटरी अभिनाश कुमार ने कहा कि एसआईआर का कार्य अत्यधिक महत्वपूर्ण है, अत: इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को एसआईआर के उद्देश्य, प्रक्रिया एवं समयबद्धता से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि एन्यूमरेशन फॉर्म वितरण एवं डिजिटाइज़ेशन का कार्य 4 नवंबर से 4 दिसंबर तक निर्धारित है। बीएलओ टीम द्वारा घर-घर पहुँचकर यह कार्य पूर्ण रूप से किया जाए। डिजिटाइज़ेशन प्रक्रिया में सभी टीमें अपेक्षित गति बनाए रखें।
उन्होंने मतदाताओं की मैपिंग, फॉर्म-6, अपील प्रावधानों की जानकारी विस्तृत रूप से साझा की और उपस्थित बीएलओ से चर्चा कर धरातल पर आ रही समस्याओं एवं प्रगति की जानकारी ली। इस दौरान जिन बीएलओ ने उत्कृष्ट कार्य किया, उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
बैठक में कलेक्टर स्वप्निल वानखडे ने सभी सुपरवाइजर्स को निर्देश दिया कि बीएलओ से संबंधित प्रत्येक गतिविधि की गहन मॉनिटरिंग करें। बीएलओ को आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान करें। बीएलओ के साथ सचिव, रोजगार सहायक, पटवारी एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता पूर्ण समन्वय स्थापित कर कार्य को समयबद्ध रूप से पूरा करें।
समीक्षा बैठक के उपरांत भारत निर्वाचन आयोग के उच्चाधिकारियों ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों का मैदानी निरीक्षण किया। दतिया शहर में बड़ा बाजार पहुंचकर निवासियों से एसआईआर की जानकारी ली। इसके पश्चात् अधिकारियों द्वारा ग्राम सीतापुर पहुंचकर बीएलओ द्वारा कराये जा रहे सत्यापन कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने बीएलओ से सीधे संवाद कर प्रगति, चुनौतियों एवं फील्ड स्थिति की जानकारी ली तथा आम नागरिकों से भी चर्चा की।

