दतिया 17 नवंबर (आरएनएस)।राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की मिशन डायरेक्टर डॉ. सलोनी सिदाना ने स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान में दतिया जिले के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर कलेक्टर श्री स्वप्निल वानखड़े और उनकी टीम की भूरी-भूरी प्रशंसा की है। इस आशय का प्रशंसा पत्र मिशन डायरेक्टर द्वारा कलेक्टर को भेजा गया है।
17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2025 तक आयोजित इस राज्यव्यापी अभियान में महिलाओं के स्वास्थ्य, किशोर स्वास्थ्य, पोषण, टीबी उन्मूलन, रक्तदान, गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग और निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त करने पर विशेष ध्यान दिया गया।
मिशन डायरेक्टर ने कहा कि कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े के मार्गदर्शन, सक्रिय नेतृत्व और सतत निगरानी के कारण दतिया जिले ने योजना, क्रियान्वयन, जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया।
स्वास्थ्य विभाग, जिला प्रशासन, आशा-एएनएम कार्यकर्ता, चिकित्सक, पैरामेडिकल टीम, सामुदायिक स्वयंसेवक, स्व-सहायता समूह और पीआरअई प्रतिनिधियों के सामूहिक प्रयासों ने अभियान को गति दी।
प्रदेशभर में आयोजित 1.96 लाख स्वास्थ्य शिविरों में 1.28 करोड़ से अधिक लोग लाभान्वित हुए, जिनमें 93 लाख महिलाएँ शामिल थीं। 42 हजार निक्षय मित्र, 55 हजार रक्तदाता पंजीकृत हुए और 52 हजार रक्त इकाइयाँ एकत्रित की गईं।
दतिया जिले ने अभियान अवधि में 29.74 प्रतिशत महिला जनसंख्या का स्वास्थ्य परीक्षण कर राज्य में अपनी अलग पहचान बनाई। यह उपलब्धि दतिया की स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूती और प्रशासन की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
डॉ. सिदाना ने कहा कि स्क्रीन किए गए रोगियों का समुचित निदान और पूर्ण उपचार सुनिश्चित करना अब अगला महत्वपूर्ण चरण है, जिसके लिए नियमित फॉलो-अप आवश्यक है।
अंत में उन्होंने कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े तथा जिला टीम के उत्कृष्ट समन्वय और समर्पण की सराहना करते हुए जिले को अभियान की सफलता में निर्णायक योगदान देने पर धन्यवाद दिया।

