:-अयोध्या एयरपोर्ट पर सीआईएसएफ की सतर्कता से पकड़ा गया आरोपी, निकाह की योजना का खुलासा
नवाबगंज (गोण्डा) 18 नवंबर। स्नैपचैट पर पहचान बनाकर नाबालिग को भावनात्मक तौर पर अपने प्रभाव में लेकर हैदराबाद ले जाने की योजना बना रहे युवक को अयोध्या एयरपोर्ट पर सीआईएसएफ ने गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पूरा मामला खुलने के बाद पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है।
वजीरगंज थाना क्षेत्र के मधवापुर गांव निवासी इंसाद अली पिछले एक वर्ष से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म स्नैपचैट के माध्यम से नवाबगंज क्षेत्र की 17 वर्षीय नाबालिग हिन्दू किशोरी के संपर्क में था।
किशोरी की मां का देहांत काफी पहले हो चुका था, जिसका आरोपी ने भावनात्मक रूप से फायदा उठाया और धीरे-धीरे उससे नजदीकियाँ बढ़ाता गया।
लगातार बातचीत के बाद करीब छह माह पहले अयोध्या के तुलसी उद्यान पर दोनों की मुलाकात भी हुई थी।
रविवार शाम आरोपी ने किशोरी को मिलने के लिए बुलाया। वह अपने पहचान पत्र के साथ अयोध्या के नये घाट पर इंसाद अली से मिली।
इसके बाद आरोपी उसे लेकर अयोध्या एयरपोर्ट पहुँचा, जहाँ से दोनों फ्लाइट से हैदराबाद जाने वाले थे।
सूत्रों के मुताबिक, हैदराबाद पहुँचकर आरोपी नाबालिग से निकाह करने की तैयारी में था।
अयोध्या एयरपोर्ट पर दोनों की गतिविधियाँ संदिग्ध दिखने पर सीआईएसएफ ने उन्हें रोककर पूछताछ की। किशोरी के घबराए हुए व्यवहार और इंसाद अली के उलझे जवाबों से शक गहरा गया। अलग-अलग पूछताछ में आरोपी की पहचान उजागर हुई और पूरा मामला सामने आ गया।
सीआईएसएफ ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों को नवाबगंज पुलिस के हवाले कर दिया।
नाबालिग के पिता ने तहरीर में बताया कि रविवार शाम करीब छह बजे आरोपी उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर घर से ले गया था। सोशल मीडिया चैट और कॉलिंग के माध्यम से उसने पिछले एक वर्ष से किशोरी को अपने जाल में फँसा रखा था।
नवाबगंज पुलिस ने आरोपी इंसाद अली के खिलाफ बीएनएस की धारा 87 और 137(2) में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस युवक की सोशल मीडिया गतिविधियाँ चैट, कॉल रिकॉर्ड, लोकेशन, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य
की गहन जांच कर रही है।
इंसाद अली बैंगलोर की एक सोफा कंपनी में काम करता है।
आरोपी की दो अविवाहित छोटी बहनें भी हैं।
थाना अध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि किशोरी को सुरक्षा, काउंसलिंग और चिकित्सा सुविधा के लिए वन स्टॉप सेंटर भेज दिया गया है।
पूछताछ और दस्तावेज़ी कार्रवाई के बाद पुलिस ने आरोपी इंसाद अली को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

