—- तहसील सभागार हाटा में होगा महिला जन सुनवाई कार्यक्रम।
—- आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित किए जाने हेतु अधिकारी किए गए नामित।
कुशीनगर, 18 नवम्बर (आरएनएस)। उत्तर प्रदेश महिला आयोग द्वारा महिलाओं की समस्याओं के समाधान एवं कल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने के उद्देश्य से जनपद में महिला जन सुनवाई कार्यक्रम का आयोजन 19 नवम्बर को तहसील सभागार हाटा में किया जाएगा।
उक्त जानकारी जिला प्रोवेशन अधिकारी डीसी त्रिपाठी ने देते हुए बताया कि उक्त कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती जनक नंदिनी करेंगी। कार्यक्रम में जनपद की महिलाएँ अपनी शिकायतें एवं आवेदन प्रस्तुत कर सकती हैं। जिनका निस्तारण मौके पर ही किया जाएगा या संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे। सदस्य महिला आयोग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को सशक्त बनाना है। कार्यक्रम में महिला उत्पीडऩ की शिकायतें, घरेलू हिंसा, पारिवारिक विवाद, कार्यस्थल पर उत्पीडऩ जैसी समस्याओं पर चर्चा कर उनके त्वरित समाधान का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि उक्त कार्यक्रम में जिला प्रशासन, महिला कल्याण विभाग, पुलिस विभाग, श्रम विभाग, समाज कल्याण विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे ताकि पीडि़त महिलाओं की समस्याओं का समग्र समाधान सुनिश्चित हो सके।इसके साथ ही पोषण अभियान से संबंधित विषयों पर भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान मोटापा नियंत्रण, संतुलित आहार, किशोरियों के स्वास्थ्य, डिजिटल साक्षरता, स्त्री-पुरुष समानता, बाल अधिकार आदि विषयों पर चर्चा की जाएगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

