भोपाल 18 नवंबर (आरएनएस)।शेयर मार्केट में आईपीओ में निवेश कर भारी मुनाफा दिलाने का झांसा देकर भोपाल के तीन युवकों ने करोड़ों की ठगी की। यूपी की कौशांबी साइबर क्राइम पुलिस ने गैंग के तीन सदस्यों रणदीप मडावी, धीरज मालवीय और शुभम पटेल को भोपाल से गिरफ्तार किया है।
इन पर तमिलनाडु, महाराष्ट्र, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, कर्नाटक और यूपी के लोगों से करीब 2.56 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी करने का आरोप है। कौशांबी एसपी राजेश कुमार ने बताया कि कौशांबी निवासी मर्चेंट नेवी कर्मी रामदत्त त्रिपाठी से 1 से आईपीओ में निवेश के नाम पर 23 सितंबर 2025 के बीच 61.19 लाख रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करवाए गए थे।
उन्होंने अपनी पत्नी की एफडी तुड़वाकर पैसे ट्रांसफर किए। भरोसा दिलाने के लिए उन्हें खाते में पैसा दिखाया गया, लेकिन बाद में पता चला कि खाता फर्जी है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि यह गैंग, सोशल मीडिया/टेलीग्राम/कॉल सेंटर के जरिए लोगों को आईपीओ में निवेश पर मोटा रिटर्न देने का झांसा देता था। गैंग ने गूगल पर कंपनी का प्रोफाइल बना रखा है। रामदत्त ने गूगल पर सर्च किया तो कंपनी दिख रही थी। इससे रामदत्त झांसे में आ गए। ठगों ने निवेश कई किस्तों में कराया था।
साइबर थाना प्रभारी विनोद सिंह का कहना है कि फॉड कंपनी के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। उनके मुताबिक ऐसे मामलों में आयकर विभाग की टीम भी जांच कर सकती है।
बरामदगी: 4 मोबाइल, लैपटॉप, फिंगरप्रिंट डिवाइस, 16 एटीएम, 11 आधार, चेकबुक, पासपोर्ट/वीजा कॉपी और 20 लाख की राशि होल्ड/फ्रीज कराई है।

