इंदौर/भोपाल 18 नवंबर (आरएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश सह प्रभारी सतीश उपाध्याय एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद जी ने मंगलवार को इंदौर भाजपा कार्यालय में सरदार वल्लभभाई पटेल की 150 वीं जयंती पर यूनिटी मार्च को लेकर संभागीय बैठक एवं एसआईआर को लेकर महानगर की बैठक को संबोधित किया। बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश सह प्रभारी सतीश उपाध्याय ने कहा कि इंदौर आ रही इस यात्रा के तीन पहलू हैं-व्यवस्था, कार्यक्रम और प्रचार-प्रसार। हमें सरकारी तंत्र के साथ समन्वय करके इन तीनों पहलुओं की रूपरेखा तैयार करना है। प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद जी ने कहा कि इंदौर आने वाली यह यात्रा हमारे लिए एक अवसर है। इस यात्रा को प्रभावशाली बनाकर पार्टी कार्यकर्ता सरदार वल्लभभाई पटेल को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करें।
भाजपा के प्रदेश प्रभारी सतीश उपाध्याय ने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल ने अनेक रियासतों का भारत में विलय कराया। सरदार पटेल का नाम भारत की एकता और अखंडता का प्रतीक है। उनके अदम्य साहस, दूरदृष्टि और नेतृत्व ने देश को एक सूत्र में पिरोया। यूनिटी मार्च उनके विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाने का एक प्रभावी माध्यम बनेगा। उनकी 150 वीं जयंती के अवसर पर यूनिटी मार्च का आयोजन किया जा रहा है। कार्यकर्ताओं को बूथ से लेकर मंडल स्तर तक व्यापक जनसंपर्क कर लोगों को कार्यक्रम से जोडऩे की जिम्मेदारी निभानी चाहिए। देश भर में छोटी-बड़ी मिलाकर 1500 यात्राओं का लक्ष्य रखा गया है, जिनमें से सोमवार सुबह तक 700 यात्राओं का आयोजन किया जा चुका है। हालांकि यह सरकारी आयोजन है, लेकिन हमें सरकारी तंत्र के साथ समन्वय करते हुए उत्साहपूर्वक इसकी तैयारी करना है और इस आयोजन को सफल बनाना है। यह यात्रा हमारे लिए समाज के साथ जुडऩे का बड़ा अवसर है। उन्होंने कहा कि नागपुर से 24 नवंबर को शुरू होकर यह यात्रा 25 नवंबर को इंदौर आएगी। यहां से 26 नवंबर को यात्रा आगे के लिए रवाना होगी और इस दिन बड़ा कार्यक्रम होगा। श्री सतीश उपाध्याय ने कहा कि वैसे तो सभी कार्यकर्ताओं को सरकारी तंत्र के साथ समन्वयपूर्वक इस यात्रा की सफलता के लिए काम करना है, लेकिन इसमें युवा मोर्चा की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण रहने वाली है।
यात्रा को प्रभावी बनाने मिलजुलकर काम करें पार्टी कार्यकर्ता- हितानंद जी==
भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद जी ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का व्यक्तित्व जितना विराट था, उतने ही भव्य स्वरूप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी उनकी स्मृतियों को संजोने का प्रयास कर रहे हैं। सरदार पटेल की 150 वीं जयंती के अवसर पर निकलने वाला यूनिटी मार्च इन्हीं प्रयासों की एक कड़ी है। उन्होंने कहा कि यह मार्च सिर्फ एक आयोजन नहीं, बल्कि समाज में भाईचारा, राष्ट्रभाव और संकल्प शक्ति को जगाने वाला अभियान है। उन्होंने कहा कि यूनिटी मार्च 24 नवंबर को महाराष्ट्र के नागपुर से रवाना होगा और पांढुर्ना, मुलताई, बैतूल, हरदा, खातेगांव होते हुए इंदौर पहुंचेगा। यहां से धार-झाबुआ होकर यह यात्रा गुजरात के दाहोद पहुंचेगी। वहां से सरदार पटेल की जन्मस्थली करमसद होते हुए यह यात्रा कावडिय़ा स्थित स्टेच्यू ऑफ यूनिटी पहुंचेगी। इस यात्रा में मध्यप्रदेश के प्रत्येक जिले से 2 कार्यकर्ता भाग लेंगे। हितानंद जी ने कहा कि जिस तरह से मध्यप्रदेश भाजपा का संगठन पूरे देश में संगठन कार्य के लिए विख्यात है, उसी तरह से मध्यप्रदेश में मालवा और इंदौर का संगठन जाना जाता है। स्वच्छता के लिए देश भर में मशहूर इंदौर के कार्यकर्ताओं को अब इस यात्रा की मेजबानी का अवसर मिल रहा है। हमें इस यात्रा में शामिल यात्रियों के ठहरने, भोजन आदि की व्यवस्था करना है, इसके अलावा यात्रा के दौरान होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तैयार करना है। इसलिए सभी कार्यकर्ता मिलजुलकर इस यात्रा को प्रभावी बनाने के लिए अपनी-अपनी भूमिका का निर्वहन करें।
भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद जी ने एसआईआर को लेकर इंदौर महानगर के कार्यकर्ताओं की बैठक को सम्बोधित करते हुए कहा कि एसआईआर प्रक्रिया मतदाता सूची को स्वच्छ, पारदर्शी और विश्वसनीय बनाने का माध्यम है। संगठन की मजबूती का आधार बूथ स्तर पर सक्रियता और मतदाता सूची की शुद्धता है। हमें पूरी सतर्कता के साथ इस बात का भी ध्यान रखना है कि किसी बाहरी व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में जुड़ न पाए। अगर कोई ऐसा प्रकरण जानकारी में आता है, तो तत्काल उस पर आपत्ति दर्ज कराएं। परिवार के 18 वर्ष पार कर चुके सभी सदस्यों तथा विवाह के बाद जुड़े बहू, बेटियों के नाम मतदाता सूची में जोडऩा प्रत्येक कार्यकर्ता की प्राथमिक जिम्मेदारी है, क्योंकि सुदृढ़ मतदाता सूची ही राम मंदिर निर्माण, धारा 370 हटाने, समान नागरिक संहिता तथा गरीब कल्याण योजनाओं जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय निर्णयों को संभव बनाती है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता नियमित बूथ बैठकें कर मतदाता सूची की त्रुटियों को दूर करें तथा नई प्रविष्टियों का सत्यापन सुनिश्चित करें। जैसे तकनीक समय के साथ अपडेट होती है, वैसे ही संगठनात्मक कार्यशैली को अद्यतन रखना आवश्यक है, क्योंकि जनता का विश्वास केवल उसी संगठन पर कायम रहता है जो समय के साथ स्वयं को बेहतर बनाता है। आज से लेकर सन 2047 के राष्ट्रीय संकल्पों तक, भाजपा की निरंतर विजय यात्रा सुनिश्चित करने के लिए हर बूथ को मजबूत और संगठित बनाना अनिवार्य है।
यूनिटी मार्च को लेकर आयोजित बैठक में पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष रणवीर सिंह रावत, निशांत खरे, सुरेंद्र शर्मा, प्रदेश महामंत्री गौरव रणदिवे, प्रदेश मंत्री राजो मालवीय, जयदीप पटेल, संगीता सोनी, यूनिटी मार्च के प्रदेश संयोजक जीतू जिराती, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष वैभव पंवार, जिला अध्यक्ष सुमित मिश्रा, ग्रामीण जिला अध्यक्ष श्रवण सिंह चावड़ा, विधायक गोलू शुक्ला, किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा, मालिनी गौड, महेंद्र हार्डिया, मधु वर्मा सहित युवा मोर्चा के संभाग के पदाधिकारी उपस्थित रहे। एसआईआर को लेकर आयोजित बैठक में पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष रणवीर सिंह रावत, निशांत खरे, प्रदेश महामंत्री गौरव रणदिवे, किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, जिला अध्यक्ष सुमित मिश्रा, विधायक रमेश मेंदोला, गोलू शुक्ला, मालिनी गौड, महेंद्र हार्डिया, मधु वर्मा, प्रदेश प्रवक्ता आलोक दुबे सहित एसआईआर के विधानसभा प्रभारी, मंडल प्रभारी एवं बीएलए उपस्थित थे।

