रायसेन 18 नवंबर (आरएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने रायसेन जिला कार्यालय में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि एसआईआर के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता प्रतिदिन दो घंटे का समय नियमित रूप से निकालकर अपने वार्ड के प्रत्येक बूथ पर जाएं। यह देखें कि उनके क्षेत्र के कौन-कौन से मतदाता काम के सिलसिले में बाहर गए हैं, किन की मृत्यु हो चुकी है और कौन सा मतदाता बाहरी है। यदि आपकी जानकारी में ऐसे प्रकरण आते हैं कि किसी एक व्यक्ति का नाम अनेक जगहों पर मतदाता सूची में दर्ज है, तो इस बात को निर्वाचन आयोग की जानकारी में लाएं और यह सुनिश्चित कराएं कि उस मतदाता का नाम एक ही स्थान पर रहे।
भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने कहा कि प्रत्येक बूथ की मतदाता सूची चुनाव प्रक्रिया का सबसे महत्वपूर्ण औजार है। एसआईआर प्रक्रिया ही किसी भी अनियमितता को रोकने और मतदाता सूची को स्वच्छ, पारदर्शी और विश्वसनीय बनाने का सबसे शक्तिशाली माध्यम है। सभी कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाताओं का सर्वे करें। उन्होंने एसआईआर की प्रक्रिया और उसके विभिन्न चरणों की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि पार्टी की असली ताकत उसके निष्ठावान और समर्पित कार्यकर्ता हैं। किसी भी राजनीतिक संगठन का विस्तार, उसकी पहुँच, उसके कार्यक्रमों की सफलता और जनता के बीच उसकी विश्वसनीयता, इन सबका आधार कार्यकर्ताओं की सक्रियता और सेवा-भावना ही होती है। जब कार्यकर्ता समाज में सकारात्मक व्यवहार, अनुशासन और विनम्रता के साथ उतरते हैं, तो पार्टी की पहचान मजबूत होकर उभरती है। संगठन की मर्यादा और प्रतिष्ठा उसके पदाधिकारियों के आचरण पर निर्भर करती है। पदाधिकारी यदि संयमित, सरल और सेवाभाव से युक्त रहें, तो संगठन की छवि स्वत: ही ऊँची होती है। इसलिए प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता का यह नैतिक दायित्व है कि वह ऐसा आचरण करें जिससे न स्वयं की प्रतिष्ठा को क्षति पहुँचे और न ही पार्टी की गरिमा पर किसी प्रकार का प्रश्नचिह्न लगे। उन्होंने यह भी कहा कि व्यक्तिगत व्यवहार और राजनीतिक दायित्व दोनों में संतुलन बनाए रखना ही सफल पदाधिकारी की पहचान है।
भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री जामवाल कहा कि संगठन की मूल भावना सभी सुखी रहें, सभी प्रसन्न रहें और सभी को साथ लेकर चलें का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा केवल चुनाव जीतने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह सनातन विचार, राष्ट्र प्रथम की भावना, सामाजिक सद्भाव और गरीब कल्याण के लिए समर्पित परिवार है। पार्टी ने हमेशा अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक लाभ पहुँचाने का लक्ष्य रखा है और इसी सेवा-भाव ने भाजपा को जनता के मन में स्थान दिलाया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि बूथ से लेकर जिले तक संगठन को मजबूत करने की यह जिम्मेदारी केवल किसी एक पदाधिकारी की नहीं, बल्कि प्रत्येक कार्यकर्ता की है। सभी लोग एकजुट होकर, पारदर्शिता और निष्ठा के साथ यदि कार्य करेंगे, तो पार्टी का संगठनात्मक ढांचा और अधिक सुदृढ़ होगा तथा जनता का विश्वास भी निरंतर बढ़ेगा।
बैठक में मध्यप्रदेश शासन के मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल, विधायक रामपाल सिंह, जिला प्रभारी सुधीर अग्रवाल एवं जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा सहित जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

