पटना 20 नवंबर (आरएनएस)। नीतीश कुमार ने 10वीं बार बिहार में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। गांधी मैदान में गुरुवार को हुए भव्य समारोह में क्करू नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत कई बड़े भाजपा नेता मौजूद रहे। डिप्टी सीएम के रूप में सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा ने शपथ ली। वहीं 26 मंत्रियों ने भी शपथ ली। जिनमें 14 बीजेपी कोटे से, 8 जदयू से, 2 लोजपा (क्र) से जबकि हम और कुशवाहा की पार्टी से 1-1 को मंत्री बनाया गया है। इस मंत्रिमंडल में एक मुस्लिम चेहरा भी शामिल है। जदयू ने जमा खान को फिर मंत्री बनाया है।
शपथ के बाद पीएम मोदी ने मंच से गमछा हिलाकर लोगों का अभिवादन किया। हरियाणा, असम, गुजरात, मेघालय, यूपी, नगालैंड, ओडिशा, दिल्ली, एमपी और राजस्थान के मुख्यमंत्री भी शपथ समारोह में शामिल हुए। मंच पर चिराग पासवान ने मांझी और जेपी नड्डा के पैर छूकर आशीर्वाद लिया।नीतीश कैबिनेट में इस बार नए चेहरों को मौका दिया गया है। रामकृपाल यादव, श्रेयसी सिंह को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। चिराग की पार्टी से 2 विधायकों को मंत्री बनाया गया है। इसमें संजय सिंह भी शामिल हैं। संजय सिंह महुआ से चुनाव जीते हैं। उन्होंने लालू यादव के बेटे तेजप्रताप को हराया था।वहीं, पूर्व की एनडीए सरकार में शामिल रहे 19 मंत्रियों को नई कैबिनेट में जगह नहीं मिल सकी है। हालांकि भविष्य में होने वाले मंत्रिमंडल विस्तार में इनकी संभावना बनी हुई है। राज्य मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री समेत अधिकतम 36 मंत्री हो सकते हैं। अभी सीएम के साथ 27 मंत्री ही सरकार में शामिल हैं। ऐसे में अधिकतम नौ मंत्रियों को अभी और जगह दी जा सकती है।नीतीश मंत्रिमंडल में जदयू के आठ मंत्री हैं। जदयू ने सभी पुराने चेहरों को ही फिर से मौका दिया है। वहीं भाजपा के 14 मंत्री में आधे यानी सात नए हैं। इनमें दानापुर में रीतलाल यादव को हराने वाले रामकृपाल यादव भी मंत्रिमंडल में शामिल किए गए हैं। वह इसके पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री रह चुके हैं, मगर राज्य मंत्रिमंडल में उन्हें पहली बार मौका मिला है।
पूर्व सांसद दिग्विजय सिंह की बेटी एवं जमुई से विधायक श्रेयसी सिंह, आरा से विधायक संजय टाइगर, खजौली से अरुण शंकर प्रसाद, औराई से रमा निषाद, पातेपुर से लखेन्द्र कुमार रोशन और विधानपार्षद प्रमोद चंद्रवंशी को पहली बार मंत्री पद मिला है। नए मंत्रिमंडल में चिराग पासवान की पार्टी लोजपा-रामविलास के दो मंत्री बनाए गए हैं और दोनों का ही नाम संजय हैं। महुआ से तेज प्रताप यादव को हराने वाले संजय कुमार सिंह और बखरी से विधायक संजय कुमार को पहली बार मंत्री बनने का सौभाग्य मिला है। उपेन्द्र कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक मोर्चा से दीपक प्रकाश को मंत्री बनाया गया है। दीपक उपेन्द्र कुशवाहा के बेटे हैं और वर्तमान में किसी भी सदन के सदस्य नहीं हैं।
नए मंत्रिमंडल में भाजपा के 13 और जदयू के छह मंत्रियों को फिर से मौका नहीं दिया गया। भाजपा की ओर से पूर्व उपमुख्यमंत्री रेणु देवी के साथ नीरज कुमार सिंह, नीतीश मिश्रा, महेश्वर हजारी, जनक राम, हरि सहनी, केदार गुप्ता, संजय सरावगी, जिवेश मिश्रा, राजू सिंह, मोतीलाल प्रसाद, कृष्ण कुमार मंटू के नाम शामिल हैं। गया से नौवीं बार जीते जीते प्रेम कुमार भी मंत्री नहीं बनाए गए हैं।
हालांकि, उन्हें विधानसभा अध्यक्ष बनाए जाने की चर्चा है। वहीं जदयू की ओर से शीला कुमारी, कृष्णनंदन पासवान, जयंत राज, रत्नेश सदा, संतोष सिंह और विजय मंडल का पत्ता कटा है। सुमित कुमार सिंह चकाई से चुनाव हारने के कारण मंत्री की रेस से पहले ही बाहर हो गए थे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

