भोपाल 23 नवंबर (आरएनएस)। आईबीडी रायसिना कॉलोनी में रविवार को एक अनोखा प्रदर्शन हुआ। सड़क के लिए लोगों ने सड़क की शवयात्रा ही निकाल दी। हालांकि, जनप्रतिनिधियों से बातचीत के बाद पुतला दहन नहीं किया गया। सड़क की जर्जर हालत और चौड़ीकरण नहीं होने से उनकी नाराजगी है।
रायसेन रोड स्थित ओरिएंटल कॉलेज के पास आईबीडी रायसिना कॉलोनी है। जहां पर कुल 540 मकान और प्लाट है। इनमें से करीब 400 परिवार रह रहे हैं, लेकिन वे कई साल से जर्जर सड़क की वजह से परेशान हैं। पिछले दो साल से सड़क के निर्माण की मांग भी उठा रहे हैं, लेकिन यह पूरी नहीं हुई। इसलिए रविवार को उन्हें सड़क के लिए सड़क पर ही उतरना पड़ा। हालांकि, सड़क का सांकेतिक पुतला नहीं जलाते हुए उसे एक जगह रख दिया गया।
इस अनोखे प्रदर्शन में कॉलोनी के बुजुर्ग से लेकर बच्चे तक शामिल हुए। ढोल-ढमाकों के बाद शवयात्रा शुरू हुई, जो कॉलोनी से शुरू होकर ओरिएंटल कॉलेज तिराहे तक पहुंची। रहवासी सौरभ चंद्रवंशी (धाकड़) ने बताया, आज से आंदोलन की शुरुआत की है।
इस संबंध में जनप्रतिनिधियों से भी बातचीत हुई। ओरिएंटल कॉलेज से आईबीडी कॉलोनी तक सड़क नहीं बन रही है। यह करीब दो किलोमीटर लंबी है। पूरी सड़क खस्ता हाल है। वहीं, छोटी भी है। इस कारण कॉलोनी के हजारों लोग हर रोज परेशान हो रहे हैं। इस वजह से आए दिन दुर्घटनाएं भी होती हैं।
रहवासियों ने सड़क के लिए आईबीडी रोड निर्माण संघर्ष मंच भी बनाया है। इसके बैनरतले पूरा प्रदर्शन हुआ। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने कहा कि कॉलोनी से खजूरी गांव तक एक वर्ष से सड़क चौड़ीकरण और नवीन निर्माण कार्य नहीं होने से दिक्कतें ज्यादा बढ़ गई हैं।

