खरगोन,24 नवंबर (आरएनएस)। मध्य प्रदेश में सोमवार का दिन हादसों से भरा रहा। ताजा मामला खरगोन जिले से सामने आया है। जहां तेज रफ्तार बस ने बाइक को टक्कर मार दी। इस घटना में बाइक सवार मां-बेटे और मासूम पोती की मौत हो गई। जबकि पोते की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
यह पूरा मामला गोगांवा थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, अंदड़ और मच्छलगांव के बीच तेज रफ्तार अभ्युदय विश्वविद्यालय की बस ने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। इस घटना में मां बदलबाई (50) पति गुमान सिंह बड़ोदे, उसका बेटा अरुण बड़ोदे (22) और 9 साल की पोती की मौत हो गई। जबकि टकू (7) पिता पप्पू बड़ोदे गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद सड़क पर जाम लग गया। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को जिला अस्पताल भिजवाया। आपको बता दें कि एमपी में सोमवार का दिन हादसों से भरा रहा। खरगोन से पहले जबलपुर में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। तेज रफ्तार ऑटो ने बाइक सवार ससुर, दामाद और नाती को रौंद दिया। ऑटो चालक भी गंभीर रूप से घायल है।
00

