मेरठ 26 नवंबर (आरएनएस )। अफसरों की उदासीनता के चलते जिले में प्रतिबंधित खूंखार कुत्तों, पालतू व आवारा कुत्तों का आतंक कम नहीं हो रहा है। सोमवार की देर रात शादी से अपने भगवतपुरा मुहल्ले स्थित घर लौटे रहे हलवाई पर आवारा कुत्तों का झुंड टूट पड़ा। दांत और पंजे से उन पर हमला किया। बाएं पैर को नोंच दिया। घायल अवस्था में हलवाई जिला अस्पताल पहुंंचे और वहां उपचार कराया। श्यामपुरा में चूड़ी व्यापारी व जागृति विहार में स्पाट्र्स फैक्ट्री के कर्मचारी को आवारा कुत्ते ने काट लिया।
भगवतपुरा मुहल्ले निवासी राजेंद्र ने बताया कि वह हलवाई है। सोमवार की देर रात वह एक शादी से पैदल अपने घर लौट रहे थे,तभी मुहल्ले में आवारा कुत्तों के झुंड ने उन पर हमला बोल दिया। कुत्तों ने नीचे गिरा कर उसके पैर को नोंचकर लहूलुहान कर दिया। बाद में आसपास घूम रहे लोगों ने बचाया। बताया कि वह किसी तरह जिला अस्पताल पहुंचे जहां प्राथमिक उपचार कराया। मंगलवार को वह एंटी-रेबीज़ वैक्सीन लगवाने के लिए जिला अस्पताल गए पर अवकाश के कारण वैक्सीन नही लगी।
श्यामनगर निवासी जुबैर चूड़ी का कारोबार करते हैं। सोमवार की रात वह अपनी दुकान को बंद करके अपने घर जा रहे थे। मुहल्ले से पहले ही एक कुत्ते ने उन पर हमला कर दिया। उसके पैर में काट लिया। जुबैर का कहना है कि नगर निगम सूचना देने के बाद भी आवारा कुत्तों को नही पकड़ रहा है। मंगलवार को वह एंटी-रेबीज़ वैक्सीन लगवाने के लिए जिला अस्पताल गए पर अवकाश होने के कारण वैक्सीन नही लगी।
जागृति विहार के आंनद सूरजकुंड पर स्पाट्र्स फैक्ट्री में काम करते हैं। सोमवार की रात वह फैक्ट्री से अपने घर लौट रहे थे। जब वह सूरजकुंड से बाहर निकले तो अचानक से दो कुत्ते आए और उस पर हमला कर दिया। उसके पैर में काट लिया। आनंद को भी जिला अस्पताल में एंटी-रेबीज़ वैक्सीन नहीं लगाया जा सकी। इसके बाद वह मेडिकल कालेज पहुंचकर उन्होंने एंटी-रेबीज़ वैक्सीन लगवाई।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

