प्रयागराज 26 नवंबर (आरएनएस )। धूमनगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात गाड़ी खड़ी करने को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोप है कि हमलावर माफिया अतीक अहमद की बिरादरी के युवक थे। पीडि़त ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विष्णुपुरी कॉलोनी निवासी अजीत पांडे मंगलवार शाम एक शादी में शामिल होने जा रहे थे। पोंगहट पुल के पास कार पार्क करने को लेकर उनका हटवा गांव के तीन-चार युवकों से विवाद हो गया। पीडि़त अजीत पांडे ने बताया कि आरोपियों ने उन्हें ईंट से कई बार मारा, जिससे उनके सिर में चोट आई और आंख बाल-बाल बची। उनकी पीठ पर भी ईंट से हमला कर जान से मारने की कोशिश की गई। शोर मचाने पर भीड़ जुटने लगी तो आरोपी मौके से फरार हो गए।
पीडि़त अजीत के अनुसार, आरोपी दबंग प्रवृत्ति के हैं और इलाके में युवकों से अक्सर मारपीट करते रहते हैं। उन्होंने बताया कि आरोपी विष्णापुरी कॉलोनी के युवकों में डर पैदा करने के लिए ऐसी हरकतें करते हैं।
अजीत पांडे ने अपने ऊपर हुए हमले की लिखित शिकायत धूमनगंज थाना पुलिस में की है और न्याय की गुहार लगाई है। थाना प्रभारी राकेश उपाध्याय ने बताया कि पीडि़त पक्ष से मिली तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

