पणजी ,28 नवंबर (आरएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को गोवा में दुनिया की सबसे ऊंची भगवान श्रीराम की मूर्ति का अनावरण किया है। इसकी ऊंचाई 77 फुट है। मूर्ति दक्षिण गोवा के ऐतिहासिक श्री संस्थान गोकर्ण जीवोत्तम मठ में बनाई गई है। इस कांस्य प्रतिमा को प्रसिद्ध मूर्तिकार राम सुतार ने बनाया है। इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि अयोध्या में ध्वजारोहण के बाद सबसे ऊंची प्रतिमा का अनावरण करना बेहद खुशी की बात है।
गोवा से पहले प्रधानमंत्री मोदी कर्नाटक के उडुपी पहुंचे थे, जहां उन्होंने श्रीकृष्ण मठ में लक्ष कंठ गीता पारायण प्रोग्राम को संबोधित किया था। इसके बाद मोदी दोपहर करीब 3:45 बजे गोवा पहुंचे, जहां उनके उतरने के लिए परिसर में एक विशेष हेलीपैड बनाया गया था। जनसभा में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि विकसित भारत का हमारा सपना तभी पूरा होगा जब आध्यात्मिकता, देश सेवा, और विकास एक साथ मिलकर, एक ही मकसद से आगे बढ़ेंगे।
इस 77 फीट ऊंची प्रतिमा का निर्माण गुजरात के केवडिय़ा में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी की डिजाइन देने वाले अनुभवी मूर्तिकार राम सुतार ने किया है। गोवा के लोक निर्माण विभाग मंत्री दिगंबर कामत ने कहा कि यह नई प्रतिमा दुनिया भर में भगवान राम की सबसे ऊंची प्रतिमा है। मूर्ति का अनावरण मठ की परंपरा के 550 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में किया गया है। कैनाकोना के पार्टागल स्थित मठ परिसर की स्थापना 370 साल पहले हुई थी।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

