गोंदिया (महाराष्ट्र),29 नवंबर (आरएनएस)। महाराष्ट्र के गोंदिया जिले में शुक्रवार को वरिष्ठ नक्सली अनंत उर्फ विनोद सय्यना समेत 11 नक्सलियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया. इन नक्सलियों पर 89 लाख रुपये का इनाम घोषित था.
आत्मसमर्पण करने वाले ये नक्सली प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) के दरेकसा दलम से जुड़े थे. दरेकसा दलम एमएमसी (महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़) क्षेत्र का सबसे सक्रिय दलम है.
आत्मसमर्पण करने वाले कैडरों की पहचान तेलंगाना के करीमनगर जिले के रहने वाले विनोद सय्यान (40), पांडु पुसु वड्डे (35), रानी उर्फ रामे येसु नरोटे (30), संतू उर्फ तिजाउराम धरमसहाय पोरेटी (35), शेवंती रायसिंह पंद्रे (32), काशीराम राज्य बंतुला (62), नक्के सुकलू कारा (55), सन्नू मुडियाम (27), सदु पुलाई सोत्ती (30), शीला चमरू माडवी (40) और रितु भीमा डोडी (20) के रूप में हुई है.
इस बारे में महाराष्ट्र-मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ स्पेशल जोनल कमेटी के प्रवक्ता अनंत ने 24 नवंबर को सरेंडर करने की तैयारी जताई थी और 15 फरवरी तक की डेडलाइन मांगी थी. इसके बाद छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री विजय शर्मा ने समझाया था कि ‘सरकार के पास ज़्यादा समय नहीं है, माओवादियों को बिना देर किए सरेंडर कर देना चाहिए.’
इसके बाद 27 नवंबर को माओवादियों ने एक नया पर्चा जारी कर घोषणा की कि 1 जनवरी को सभी लोग हथियार डालकर मुख्यधारा में शामिल हो जाएंगे. हालांकि, इससे पहले ही उन्होंने गोंदिया पुलिस से संपर्क किया और अनंत उर्फ विकास के साथ 11 अन्य नक्सलियों के साथ सरेंडर कर दिया.
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

