नई दिल्ली,29 नवंबर (आरएनएस)। दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई की एनआईए हिरासत सात दिनों के लिए बढ़ा दिया है. एडिशनल सेशंस जज प्रशांत शर्मा ने अनमोल बिश्नोई की एनआईए हिरासत बढ़ाने का आदेश दिया.
आज अनमोल बिश्नोई की एनआईए हिरासत खत्म हो रही थी जिसके बाद एनआईए ने उसे कोर्ट में पेश किया था. एनआईए की ओर से पेश वकील राहुल त्यागी ने अनमोल बिश्नोई की हिरासत बढ़ाने की मांग करते हुए कहा कि उससे अभी और पूछताछ करने की जरुरत है ताकि कुछ और खुलासा हो सके. उसके बाद कोर्ट ने अनमोल बिश्नोई की एनआईए हिरासत सात दिन और बढ़ाने का आदेश दिया.
अनमोल बिश्नोई को एनआईए ने 19 नवंबर को दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ़्तार किया था. 19 नवंबर को कोर्ट ने अनमोल बिश्नोई को आज तक की एनआईए हिरासत में भेजा था. अनमोल बिश्नोई महाराष्ट्र के एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या का आरोपी है. अनमोल बिश्नोई ने अमेरिका की एक अदालत में शरण देने की मांग की थी लेकिन उसकी यह मांग अस्वीकार कर दी गई. उसके बाद अनमोल बिश्नोई को डिपोर्ट कर दिल्ली लाया गया था जहां उसे गिरफ्तार कर लिया गया.
अनमोल बिश्नोई को जनवरी में भगोड़ा घोषित करार दिया गया था. अनमोल बिश्नोई के खिलाफ देश भर में 22 मामले लंबित है. जांच एजेंसियां पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला कि मई 2022 में हुई हत्या के मामले में भी अनमोल बिश्नोई के खिलाफ जांच कर रही हैं. सिद्धू मूसे वाला की हत्या के बाद अनमोल बिश्नोई में 2022 में ही फर्जी पासपोर्ट के आधार पर अमेरिका भाग गया था. अनमोल बिश्नोई पर आरोप है की वो लॉरेंस बिश्नोई गैंग के लिए वह दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में फिरौती वसूली के सिंडिकेट चलाने का काम करता है.
००

