नईदिल्ली,29 नवंबर (आरएनएस)। दुनिया की दिग्गज विमानन कंपनी एयरबस ने अपनी ए320 सीरीज के कई विमानों को तकनीकी खामी के बाद वापस बुलाया है। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने खुलासा किया है कि भारतीय एयरलाइनों द्वारा संचालित ए320 सीरीज के 338 विमानों को इस सॉफ्टवेयर अपग्रेड की आवश्यकता है। डीजीसीए के आंकड़ों के अनुसार, प्रभावित बेड़े के आधे से ज्यादा विमानों में यह अपडेट लागू किया गया है। ये विमान इंडिगो, एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस द्वारा संचालित हैं।
एयरबस ने शुक्रवार को चेतावनी दी है कि तीव्र सौर विकिरण बड़ी संख्या में ए320 सीरीज के विमानों में उड़ान नियंत्रण के लिए महत्वपूर्ण डाटा को खराब कर सकता है। कंपनी ने यह भी कहा कि इस समस्या को ठीक करने के लिए आवश्यक सॉफ्टवेयर परिवर्तनों से परिचालन में व्यवधान उत्पन्न हो सकता है। डीजीसीए ने पुष्टि की है कि आज तक भारतीय एयरलाइन कंपनियों द्वारा संचालित कुल 338 विमानों में से 189 में अपडेट मिल चुके हैं।
एयरबस की चेतावनी के जवाब में डीजीसीए ने एयरलाइनों को एडवाइजरी जारी की है, जिसमें भारतीय ऑपरेटरों को तुरंत आवश्यक सॉफ्टवेयर अपग्रेड करने का निर्देश दिया गया है। यह एयरबस द्वारा वैश्विक ऑपरेटरों को चेतावनी दिए जाने और यूरोपीय विमानन सुरक्षा प्राधिकरण द्वारा संभावित समस्या के संबंध में एक आपातकालीन एडवाइजरी जारी करने के बाद आया है। प्रभावित ए320 सीरीज के विमानों में ए320 सीईओ और नियो के साथ-साथ ए321 सीईओ और नियो भी शामिल हैं।
दिल्ली, बेंगलुरु, मुंबई, चेन्नई, हैदराबाद, अहमदाबाद और कोलकाता स्थित एयरलाइनों के ठिकानों पर सॉफ्टवेयर अपग्रेड का काम चल रहा है । आज तक इंडिगो के 200 विमान इस समस्या से प्रभावित हुए हैं, जिनमें से 143 का अपग्रेड पूरा हो चुका है। एयर इंडिया के 113 विमान प्रभावित हुए हैं, जिनमें से 42 का अपग्रेड पूरा हो चुका है, जबकि एयर इंडिया एक्सप्रेस के 25 विमान प्रभावित हुए हैं, जिनमें से 4 का अपडेट पूरा हो चुका है।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

