0-चांदी के घोड़े अर्पित किए
कुरुक्षेत्र ,30 नवंबर (आरएनएस)। देश के उपराष्ट्रपति सी.पी.राधाकृष्णन ने आज कुरुक्षेत्र में स्थित हरियाणा के एकमात्र शक्तिपीठ श्री देवीकूप भद्रकाली मंदिर में पूजा-अर्चना की और चांदी के घोड़े मां को अर्पित किए हैं.
हरियाणा के एकमात्र शक्तिपीठ श्री देवीकूप भद्रकाली मंदिर कुरुक्षेत्र में आज देश के उपराष्ट्रपति सी.पी.राधाकृष्णन मां भद्रकाली की विशेष पूजा करने के लिए पहुंचे. उनका मंदिर पूजन और दर्शन का कार्यक्रम सिर्फ 10 मिनट का था, लेकिन उन्होंने 30 मिनट से ज्यादा मां के दरबार में बिताए. भव्य रूप से सजे शक्तिपीठ में सर्वप्रथम पीठाध्यक्ष पंडित सतपाल शर्मा समेत बाकी लोगों ने उपराष्ट्रपति का पुष्प गुच्छ से स्वागत किया. उपराष्ट्रपति के साथ हरियाणा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी मंदिर पहुंचे थे.
इसके बाद उपराष्ट्रपति ने मंत्रोच्चारण, पान पत्तों और कमल पुष्पों के साथ श्री देवीकूप पर पूजा करवाई. इसके बाद उन्होंने परिक्रमा कर चांदी के घोड़े मां के चरण में अर्पित किए. इस दौरान अर्जुन कृत दुर्गा स्तोत्रम् का पाठ किया गया. पीठाध्यक्ष ने उपराष्ट्रपति को माता की मां शब्दाक्षर को दर्शाती हुई लाल चुनरी, चांदी के मुकुट और पुष्प माला से आशीर्वाद दिया. पीठाध्यक्ष ने उपराष्ट्रपति भवन में पूजा के लिए माँ भद्रकाली का सिद्ध अष्ठधातु अष्ठभुजा स्वरूप भी प्रदान किया और शक्तिपीठों के प्रतीक के रूप में अभिमंत्रित शक्ति त्रिशूल भेंट किया.
इससे पहले उपराष्ट्रपति सी.पी.राधाकृष्णन ने एनआईटी कुरुक्षेत्र के 20वें दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की. इस दौरान हरियाणा के राज्यपाल प्रोफेसर असीम कुमार घोष और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मौजूद रहे. कार्यक्रम के बाद उपराष्ट्रपति ने गोल्ड मेडलिस्ट विद्यार्थियों के साथ फोटो भी खिंचवाई.
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

