मुरादाबाद,30 नवंबर (आरएनएस)। रोडवेज बस ने टेंपो में जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत हो गई. जबकि एक बच्ची समेत 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. हादसा रविवार की दोपहर 3 बजे के आसपास दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर मूंडापांडे इलाके के जीरो प्वाइंट पर हुआ.
ऑटो चालक माटी उर्फ संजू पुत्र मुन्ना सिंह निवासी अब्दुल्लापुर कुंदरकी अपने परिवार के साथ रफतपुर कटघर में शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे. इस दौरान मूंडापांडे इलाके के जीरो प्वाइंट पर सामने से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने ऑटो में टक्कर मार दी.
हादसे में ऑटो में पीछे बैठे सभी 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि बच्ची समेत 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद अफरातफरी मच गई. लोगों ने एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से ऑटों में फंसे सभी लोगों को अस्पताल भिजवाया. वहां चिकित्सकों ने 5 लोगों को मृत घोषित कर दिया.
एसपी सिटी कुमार रणवीर सिंह ने बताया कि ऑटो में सवार होकर कुछ लोग शादी में जा रहे थे. ऑटो सवार थाना कुंदरकी के अब्दुल्लापुर के रहने वाले थे. बस ने ऑटो में टक्कर मारी. हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई है. दो लोग घायल है. हादसे के शिकार सभी लोग एक ही परिवार के हैं.
पुलिस के अनुसार टक्कर मारने वाली बस मेरठ डिपो की थी. हादसे में सुमन (30), सीमा (35) पत्नी करण सिंह, संजू सिंह (30) पुत्र मुन्ना सिंह, अभय (15) पुत्र ओमवीर, आरती (20) पुत्री मुरारी की मौत हुई है. जबकि करन सिंह, अनाया सिंह पुत्री करण सिंह (घायल) हैं.
वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस भीषण सड़क हादसे का संज्ञान लिया है. उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति शोक संवेदना जताई है. अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंच कर राहत कार्यों में तेजी लाने और घायलों के समुचित उपचार मुहैया कराने के निर्देश दिए हैंं.
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

