कोलकाता/गुवाहाटी,30 नवंबर (आरएनएस)। पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में मटियारी बॉर्डर आउटपोस्ट के पास मुठभेड़ के दौरान एक बांग्लादेशी तस्कर मारा गया. अधिकारियों ने बताया कि यह घटना शनिवार दोपहर को हुई जब बीएसएफ की 32वीं बटालियन के एक जवान ने देखा कि कुछ भारतीय तस्कर बाड़ के पार प्लास्टिक के बंडल फेंक रहे हैं और बांग्लादेशी तस्कर उन्हें इक_ा कर रहे हैं.
अधिकारियों के मुताबिक, बीएसएफ जवान ने उन्हें चुनौती दी, जिसके बाद भारतीय तस्कर भाग गए लेकिन बांग्लादेशी तस्करों, जिनमें से कुछ बॉर्डर के इस तरफ थे, ने धारदार हथियारों से जवानों पर हमला कर दिया. इस दौरान बीएसएफ जवान से गलती से गोली चल गई और वह एक बांग्लादेशी तस्कर को लग गई, जो जमीन पर गिर गया, जबकि बाकी भाग गए.
अधिकारियों ने बताया कि तस्कर मौके पर कफ सिरप की 96 बोतलें, विदेशी शराब की दो बोतलें और एक तार कटर छोड़ गए. बयान में कहा गया है कि घायल बांग्लादेशी तस्कर को कृष्णगंज हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
बीएसएफ अधिकारियों ने बताया कि आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए मारे गए तस्कर का शव और जब्त की गई वस्तुएं बंगाल पुलिस को सौंप दी गई हैं और स्थानीय पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है.
उधर, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने रविवार को कहा कि राज्य से 11 अवैध प्रवासी को वापस भेजा गया है. इन घुसपैठियों को श्रीभूमि जिले से वापस भेजा गया, जिसकी सीमा बांग्लादेश से लगती है. उन्होंने राज्य पुलिस बल की तारीफ की.
सीएम सरमा ने एक्स पर एक पोस्ट में बॉलीवुड एक्शन थ्रिलर सिंघम का जिक्र करते हुए लिखा, श्रीभूमि पुलिस का आधी रात का ऑपरेशन इतना सफल था कि सिंघम भी बैकग्राउंड म्यूजिक रोक देता. उन्होंने आगे कहा, गैर-कानूनी तरीके से प्रवेश करने वाले 11 लोगों को 00:30 बजे तक वापस भेज दिया गया, कोई विलेन एंट्री नहीं, कोई 12 मिनट का मोनोलॉग नहीं, यहां तक कि उडऩे वाली जीप भी नहीं.
असम सरकार बांग्लादेश से अवैध प्रवासियों पर सख्ती कर रही है, और भारतीय सीमाओं से घुसपैठियों को वापस भेजा जा रहा है.
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

